इंडियन ऑयल की रिफाइनरियों में विभिन्न पदों पर भर्ती, 28 जुलाई तक करें आवेदन

4

 

नई दिल्ली। सरकारी क्षेत्र की प्रमुख ऊर्जा कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने देशभर के युवाओं के लिए रोजगार का शानदार अवसर प्रदान किया है। कंपनी ने अपनी चार प्रमुख रिफाइनरियों —मथुरा, पारादीप, गुजरात और बोंगाईगांव—में कुल 1524 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 28 जुलाई 2026 ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती अभियान के तहत ट्रेड अप्रेंटिस, टेक्नीशियन अप्रेंटिस और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के पदों पर चयन किया जाएगा। इंडियन ऑयल में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को उद्योग का व्यावहारिक अनुभव मिलने के साथ-साथ भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर भी प्राप्त होंगे।

रिफाइनरीवार रिक्त पद
गुजरात रिफाइनरी: 647 पद
पारादीप रिफाइनरी: 582 पद
मथुरा रिफाइनरी: 151 पद
बोंगाईगांव रिफाइनरी: 144 पद
भर्ती के विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। अभ्यर्थियों के पास संबंधित ट्रेड में 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, बीएससी, बीकॉम या बीए जैसी मान्यता प्राप्त योग्यता होना आवश्यक है। उम्मीदवार जिस पद के लिए आवेदन कर रहे हैं, उसके अनुरूप निर्धारित योग्यता पूरी करनी होगी।

ऑनलाइन आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों का NAPS (National Apprenticeship Promotion Scheme) या NATS (National Apprenticeship Training Scheme) पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उम्मीदवारों को IOCL द्वारा निर्धारित MS Form/Google Form भी भरना होगा। यदि यह प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती है, तो आवेदन अधूरा माना जा सकता है।

चयन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ: 29 जून 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 28 जुलाई 2026 (शाम 5 बजे तक)
शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों की सूची जारी: 5 अगस्त 2026
दस्तावेज सत्यापन: 11 से 18 अगस्त 2026

इंडियन ऑयल देश की सबसे प्रतिष्ठित सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में शामिल है। ऐसे में यहां अप्रेंटिसशिप करना न केवल तकनीकी कौशल को मजबूत करेगा, बल्कि भविष्य में सरकारी एवं निजी क्षेत्र में बेहतर रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज और पंजीकरण पहले से तैयार रखें।