कैबिनेट मंत्री के घर के बाहर 4 छात्राओं ने किया आत्महत्या का प्रयास, एक की हालत गंभीर

6

 

देहरादून। वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों का प्रदर्शन बुधवार शाम उस समय गंभीर मोड़ पर पहुंच गया, जब स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रही चार महिला नर्सिंग अभ्यर्थियों ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन ने तत्काल चारों छात्राओं को दून अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार एक छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से देहरादून के एकता विहार में वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं ले रही है, जिससे उनमें भारी निराशा और आक्रोश है। बुधवार को आंदोलनकारी स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास के बाहर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान चार महिला अभ्यर्थियों ने कथित रूप से आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए चारों को सरकारी वाहनों से दून अस्पताल में भर्ती कराया।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक सभी छात्राओं का इलाज जारी है, जबकि एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
घटना के बाद भी आंदोलनकारी अभ्यर्थी स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर डटे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लंबे समय से शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है, जिसके चलते अभ्यर्थी मानसिक तनाव में हैं।

घटना को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और आत्महत्या के प्रयास के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर चल रहा नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन एक बार फिर राज्य की राजनीति और प्रशासन के केंद्र में आ गया है।