गैस एजेंसी पर ताला; उपभोक्ताओं को अन्य एजेंसियों से सप्लाई होगी गैस 

5

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में गैस एजेंसी के निलंबन के बाद जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बड़ी और त्वरित कार्रवाई की है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर एजेंसी से जुड़े करीब 27 हजार उपभोक्ताओं को अस्थायी रूप से अन्य गैस एजेंसियों से संबद्ध कर दिया गया है, जिससे एलपीजी गैस आपूर्ति पर किसी प्रकार का संकट न आए और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार जीएमएस रोड़ स्थित अमरदीप गैस सेवा के संचालन पर रोक लगने के बाद उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इसके तहत 16 हजार उपभोक्ताओं को डिवाइन भारत गैस सर्विस, टर्नर रोड, 10 हजार उपभोक्ताओं को सर्वोदय भारत गैस सर्विस, प्रेमनगर तथा 1 हजार उपभोक्ताओं को जीवन ज्योति भारत गैस सर्विस, कैनाल रोड से जोड़ा गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल के अनुसार नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता अब अपनी आवंटित एजेंसी से गैस बुकिंग, रिफिल सिलेंडर की आपूर्ति और अन्य सभी आवश्यक सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी उपभोक्ता को गैस आपूर्ति में व्यवधान का सामना न करना पड़े। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा और आवश्यक सेवाओं की निरंतर उपलब्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जानकारी, गैस बुकिंग संबंधी समस्या या सहायता के लिए वे अपनी नई आवंटित गैस एजेंसी से संपर्क करें। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु और निर्बाध बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि अमरदीप गैस सेवा के निलंबन के बाद उपभोक्ताओं में उत्पन्न संभावित चिंता को देखते हुए प्रशासन ने बेहद कम समय में वैकल्पिक व्यवस्था लागू कर राहत प्रदान की है, जिससे हजारों परिवारों की दैनिक जरूरतों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।