जलापूर्ति ठप्प: पूर्व पार्षद के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जल निगम को सौंपा ज्ञापन

2

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के चंद्रबनी वार्ड अंतर्गत चोयला, भूतों वाला, अमर भारती, धारावाली, पटियों वाला, कैलाशपुर और पित्थूवाला खुर्द क्षेत्रों में पिछले 5–6 दिनों से बाधित पेयजल आपूर्ति को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्व पार्षद सुखबीर बुटोला के नेतृत्व में जल निगम (विश्व बैंक परियोजना) के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।

सुखबीर बुटोला ने बताया कि लगातार जलापूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जल निगम द्वारा नलकूपों की नियमित जांच नहीं की जा रही है, जिससे समस्या और गंभीर हो रही है। इसके अलावा, अवैध कनेक्शनों पर रोक नहीं लगने और बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई न होने को भी जल संकट का एक बड़ा कारण बताया गया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्वीकृत नए ट्यूबवेल के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने की मांग भी उठाई।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा के अजय गोयल, मनोज पंत, भगवान सिंह, अनूप सिंह चौहान, विक्की यादव, कृष्ण पाल, सुरेंद्र शर्मा, अनिल ढकाल और सागर थापा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।