नगर निगम: श्रीमति बंसल ने नवनियुक्त MNA पाण्डेय को सौंपा कार्यभार

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। नगर निगम देहरादून में मंगलवार को निवर्तमान नगर आयुक्त श्रीमती नमामी बंसल ने विधिवत रूप से नगर निगम का कार्यभार नवनियुक्त नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय को सौंप दिया। इस अवसर पर नगर निगम परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महापौर, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान महापौर सौरभ थपलियाल ने श्रीमती नमामी बंसल के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नगर निगम ने कई जनहितकारी एवं विकासात्मक कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया। उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, स्वच्छता व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा नगर विकास के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की विशेष प्रशंसा की। महापौर ने नवनियुक्त नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में नगर निगम नई ऊर्जा और बेहतर कार्यसंस्कृति के साथ आगे बढ़ेगा।

इस अवसर पर निवर्तमान नगर आयुक्त श्रीमती नमामी बंसल ने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीम भावना और आपसी समन्वय के बल पर ही नगरहित एवं जनहित के कार्य सफलतापूर्वक संपादित किए जा सकते हैं। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि भविष्य में भी सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इसी समर्पण और सहयोग के साथ कार्य करते रहेंगे।

वहीं, नवनियुक्त नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि नगर निगम की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही शहर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा नागरिक सुविधाओं के सुचारु संचालन को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!