14 भर्ती परीक्षाओं के माध्यम से विभिन्न विभागों में 2390 पदों पर होगी नियुक्ति, मई से दिसंबर तक चलेगी चयन प्रक्रिया
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने राज्य के बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत देते हुए वर्ष 2026-27 का विस्तृत भर्ती एवं परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति में विभिन्न विभागों के समूह ‘ग’ के पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रस्तावित विज्ञापन तिथियां और परीक्षा कार्यक्रम घोषित किए गए हैं। इस भर्ती कैलेंडर के अनुसार आगामी महीनों में राज्य के विभिन्न विभागों में कुल 2390 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की जाएगी। आयोग का यह कदम उन लाखों युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण माना जा रहा है, जो लंबे समय से सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे हैं।

देहरादून स्थित आयोग कार्यालय से जारी इस कार्यक्रम में वाहन चालक, स्नातक स्तरीय, सहायक लेखाकार, वन विकास निगम स्केलर, तकनीकी, कृषि, विज्ञान, इंटर स्तरीय तथा पुलिस एवं वन आरक्षी जैसे अनेक महत्वपूर्ण पद शामिल किए गए हैं। भर्ती कैलेंडर के अनुसार सबसे पहले वाहन चालक भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। विभिन्न विभागों में वाहन चालक के 72 पदों हेतु परीक्षा 31 मई 2026 को प्रस्तावित की गई है। इसके बाद स्नातक स्तरीय मुख्य परीक्षा के 416 पदों के लिए 14 जून 2026 को परीक्षा आयोजित होगी।
विशेष तकनीकी अर्हता वाले 57 पदों के लिए 28 जून 2026 को परीक्षा प्रस्तावित है। वहीं पशुपालन विभाग में पशुधन प्रसार अधिकारी के 120 पदों के लिए परीक्षा 12 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। आयोग ने कृषि और विज्ञान वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए भी कई महत्वपूर्ण भर्तियां प्रस्तावित की हैं। कृषि इंटरमीडिएट एवं स्नातक योग्यता से संबंधित 93 पदों हेतु परीक्षा 26 जुलाई 2026 को आयोजित होगी। इसके अलावा विज्ञान वर्ग के इंटरमीडिएट एवं स्नातक स्तर के 21 पदों पर भर्ती के लिए 29 नवंबर 2026 को परीक्षा आयोजित करने की योजना बनाई गई है। तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए आईटीआई एवं डिप्लोमा आधारित 78 पदों की परीक्षा 1 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है।


सहायक लेखाकार भर्ती पर युवाओं की विशेष नजर
विभिन्न विभागों में सहायक लेखाकार के 305 पदों की भर्ती भी इस कैलेंडर का प्रमुख आकर्षण बनी हुई है। आयोग के अनुसार इस भर्ती के लिए विज्ञापन 10 जून 2026 को जारी किया जाएगा, जबकि परीक्षा 23 अगस्त 2026 को आयोजित होगी।
लेखा एवं वित्तीय क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।
सामान्य इंटर स्तरीय परीक्षा में सबसे अधिक पद
इस बार सबसे अधिक रिक्तियां सामान्य इंटर स्तरीय परीक्षा के अंतर्गत रखी गई हैं। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न विभागों में कनिष्ठ सहायक एवं अन्य पदों सहित कुल 569 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती के लिए विज्ञापन 14 जुलाई 2026 को जारी होगा तथा परीक्षा 4 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। बड़ी संख्या में रिक्तियां होने के कारण यह परीक्षा युवाओं के बीच सबसे अधिक चर्चित मानी जा रही है।
वन विकास निगम और सुरक्षा बलों में भी भर्ती
उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों के लिए भी भर्ती प्रक्रिया प्रस्तावित की गई है। इस भर्ती के लिए विज्ञापन 17 जून 2026 को जारी होगा तथा 20 सितंबर 2026 से शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू की जाएगी। इसके अतिरिक्त वन आरक्षी, सचिवालय सुरक्षा, पुलिस आरक्षी और ड्राइवर गार्ड जैसे शारीरिक दक्षता आधारित पदों पर 179 रिक्तियों के लिए भी भर्ती कार्यक्रम घोषित किया गया है। इन पदों के लिए 16 नवंबर 2026 से शारीरिक दक्षता परीक्षा प्रारंभ होगी। इस भर्ती को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है क्योंकि लंबे समय बाद सुरक्षा और वन विभाग से जुड़ी बड़ी भर्ती प्रक्रिया सामने आई है।
आयोग ने स्नातक स्तरीय विशेष अर्हता वाले 106 पदों के लिए 6 दिसंबर 2026 को परीक्षा प्रस्तावित की है। वहीं विभिन्न विभागों में विशेष अर्हता आधारित 73 पदों की परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा व्यैवसायिक सहायक के 101 पदों हेतु परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित करने का कार्यक्रम जारी किया गया है।
आयोग ने विज्ञप्ति में स्पष्ट किया है कि जारी कार्यक्रम में अंकित रिक्तियों की संख्या अंतिम नहीं है। विभागों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पदों की संख्या में वृद्धि या कमी संभव है। साथ ही प्रशासनिक अथवा अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण विज्ञापन प्रकाशन एवं परीक्षा तिथियों में परिवर्तन भी किया जा सकता है। आयोग ने अभ्यर्थियों को समय-समय पर आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
प्रयास आईएएस अकादमी के चेयरमैन आर ए खान का मानना है कि समय से भर्ती कैलेंडर जारी करना पारदर्शिता और विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे भर्ती प्रक्रियाओं में अनिश्चितता कम होगी और युवाओं को मानसिक रूप से तैयारी करने का पर्याप्त अवसर मिलेगा।
प्रमुख परीक्षाओं की झलक
परीक्षा/पद
रिक्तियां
प्रस्तावित परीक्षा तिथि
वाहन चालक
72
31 मई 2026
स्नातक स्तरीय (मुख्य परीक्षा)
416
14 जून 2026
विशेष तकनीकी अर्हता
57
28 जून 2026
पशुधन प्रसार अधिकारी
120
12 जुलाई 2026
कृषि अर्हता पद
93
26 जुलाई 2026
सहायक लेखाकार
305
23 अगस्त 2026
स्केलर (वन विकास निगम)
200
20 सितंबर 2026
सामान्य इंटर स्तरीय
569
4 अक्टूबर 2026
व्यावसायिक सहायक
101
12 अक्टूबर 2026
आईटीआई/डिप्लोमा पद
78
1 नवंबर 2026
पुलिस/वन आरक्षी आदि
179
16 नवंबर 2026
विज्ञान वर्ग पद
21
29 नवंबर 2026
स्नातक स्तरीय विशेष पद
106
6 दिसंबर 2026
विशेष अर्हता पद
73
20 दिसंबर 2026










