मातृ सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट की वार्षिक स्मारिका का हुआ विमोचन

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में गांधी ग्राम स्थित समाज सेवा, जनकल्याण और मानवीय मूल्यों को समर्पित मातृ सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट की वार्षिक स्मारिका ‘सेवांजलि’ का विमोचन समारोह गांधीग्राम देहरादून में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।

समारोह की मुख्य अतिथि एवं वार्ड नंबर-33 की पूर्व पार्षद श्रीमती सुमित्रा ध्यानी ने स्मारिका का विधिवत विमोचन करते हुए ट्रस्ट द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में मातृ सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा कार्य प्रेरणादायी है और ‘सेवांजलि’ जैसी स्मारिका इन प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी।

इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक कुलदीप ज़खमोला ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि ‘सेवांजलि’ केवल एक वार्षिक स्मारिका नहीं, बल्कि ट्रस्ट की सेवा यात्रा का जीवंत दस्तावेज़ है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता तथा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान हेतु किए गए कार्यों और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण संकलित किया गया है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी सेवा, सहयोग और जनकल्याण के अपने संकल्प को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाता रहेगा।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के सक्रिय सदस्य मनमोहन रौतेला, सुधीर बड़ोनी, सुश्री नीलम लखेड़ा, मनोज नवानी, सतनाम सिंह, अमित बहुखंडी तथा ट्रस्ट की ट्रस्टी उषा ज़खमोला, मधु धीमान एवं वर्षा कंडवाल सहित अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने स्मारिका के प्रकाशन को ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसके लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं और समाज सेवा के क्षेत्र में ट्रस्ट की निरंतर सक्रिय भूमिका की प्रशंसा की।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज को सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है, ऐसे में मातृ सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट जैसे संगठन सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। ‘सेवांजलि’ न केवल ट्रस्ट की उपलब्धियों को संजोती है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी सेवा और परोपकार के कार्यों से जुड़ने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने ट्रस्ट के सामाजिक सरोकारों, जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!