पेपर लीक मामलों, युवाओं के भविष्य और आंदोलन के समर्थन में देहरादून के गांधी पार्क में धरना देने का ऐलान
देहरादून। भीम आर्मी भारत एकता मिशन, उत्तराखंड की ओर से महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के नाम जिलाधिकारी देहरादून के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग की गई है। संगठन का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बार-बार पेपर लीक होने के कारण अभ्यर्थियों को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन का दावा है कि इन घटनाओं से निराश होकर कई छात्रों ने आत्महत्या जैसे कदम भी उठाए हैं, जिससे देशभर के युवाओं में गहरा आक्रोश व्याप्त है। भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की कथित लापरवाही और जवाबदेही के अभाव में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं। संगठन का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम उठाए गए होते तो लाखों युवाओं का भविष्य संकट में नहीं पड़ता।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा आंदोलन किया जा रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा धरना स्थल से हटाया गया, जिसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया गया है। इन्हीं घटनाक्रमों के समर्थन में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय नेतृत्व ने आंदोलन में शामिल होने का निर्णय लिया है। संगठन ने कहा कि यह आंदोलन युवाओं के भविष्य, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर किया जा रहा है।
ज्ञापन के अंत में महामहिम राष्ट्रपति से आग्रह किया गया है कि देश के बेरोजगार युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाया जाए तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।










