देहरादून। कांग्रेस नेतृत्व ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए देहरादून के मेहुवाला निवासी पूर्व प्रधान हाजी सुलेमान अंसारी को अल्पसंख्यक कांग्रेस उत्तराखंड का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी आदेश के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। हाजी सुलेमान अंसारी लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे हैं और जमीनी स्तर पर सक्रिय राजनीति के लिए पहचाने जाते हैं। देहरादून जिले में उनकी मजबूत पकड़ के साथ ही हरिद्वार जिले में भी उनका प्रभाव माना जाता है।संगठनात्मक अनुभव और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नियुक्ति आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण है। उत्तराखंड, विशेषकर देहरादून और हरिद्वार जिलों में मुस्लिम मतदाताओं का रुझान हाल के वर्षों में भीम आर्मी और एआईएमआईएम की ओर बढ़ता दिखाई दिया है। ऐसे में कांग्रेस के सामने अल्पसंख्यक वर्ग को पुनः पार्टी से जोड़ने की चुनौती है। हाजी सुलेमान अंसारी की नियुक्ति को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, पार्टी प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अल्पसंख्यक समाज के बीच संवाद बढ़ाने की योजना बना रही है। हाजी सुलेमान अंसारी से अपेक्षा की जा रही है कि वे प्रदेशभर में दौरे कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेंगे और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।
नियुक्ति के बाद हाजी सुलेमान अंसारी ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की मजबूती और अल्पसंख्यक समाज की आवाज को बुलंद करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही वह दल है जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की विचारधारा पर विश्वास करता है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश सचिव रमेश कुमार मंगू, पूर्व पार्षद और पार्टी के वरिष्ठ नेता हरि प्रसाद भट्ट, पूरन सिंह रावत समेत वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में अल्पसंख्यक कांग्रेस नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगी और पार्टी को मजबूती मिलेगी। राजनीतिक दृष्टि से यह नियुक्ति कांग्रेस के लिए एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, जिसके परिणाम आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में देखने को मिल सकते हैं।















