हेमा के नेतृत्व में MDDA का घेराव, उपाध्यक्ष तिवारी को सौंपा ज्ञापन

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। शनिवार को जन अधिकार पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने एमडीडीए कार्यालय का घेराव करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में “भ्रष्ट अभियंता राणा को जेल भेजो”, “एच. सी एस. राणा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करो” और “मुख्य अभियंता एच सी एस. राणा मुर्दाबाद” लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे और प्रशासनिक भ्रष्टाचार के विरुद्ध तीव्र नारेबाज़ी की।

वक्ताओं ने कहा कि पौंधा क्षेत्र में जशपाल राणा शूटिंग रेंज के समीप देवभूमि कालेज परिसर तथा राजपुर के ढाक पट्टी (खसरा 83) में स्पष्ट रूप से नाला/खाला मौजूद होने के बावजूद मुख्य अभियंता एच सी एस राणा द्वारा इन तथ्यों को छिपाकर आवासीय और ग्रुप हाउसिंग के मानचित्र पास किए गए। मास्टर प्लान, ज़ोनल प्लान और गूगल मैप सभी में नाला स्पष्ट रूप से अंकित है, इसके बावजूद गलत रिपोर्ट तैयार की गई और फाइलें बिना उचित निरीक्षण के सीधे स्वीकृति के लिए भेज दी गईं।

इस दौरान हेमा भण्डारी ने कहा कि फ़ुटहिल क्षेत्र होने के बावजूद आवश्यक एनओसी नहीं ली गई, और नाले को ‘नदी’ दिखाकर देवभूमि कॉलेज की फाइल में भ्रामक दस्तावेज़ तैयार किए गए। अभियंताओं और ड्राफ्ट्समैन द्वारा नाले का उल्लेख किए जाने के बावजूद उसे अनदेखा कर मानचित्र पास करना विभाग में भ्रष्टाचार और मिलीभगत को उजागर करने वाला गंभीर मामला है।

यह मामला केवल भ्रष्टाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राकृतिक जलधाराओं को नुकसान पहुंचाकर पर्यावरण एवं आपदा सुरक्षा से खिलवाड़ करने जैसा अपराध है, जो भविष्य में बड़े हादसों का कारण बन सकता है। यदि इस गंभीर मुद्दे पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई, तो जन अधिकार पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ संघर्ष को और तेज किया जाएगा। उन्होंने यह भी मांग की कि नाले/खालों को छिपाकर पास किए गए सभी मानचित्र निरस्त किए जाएं, निर्माण कार्य रोका जाए और पूर्व में कृषि भूमि पर अवैध प्लॉटिंग के संबंध में दिए गए ज्ञापनों पर भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!