मुल्क के साथ गद्दारी कर पाकिस्तान से वफादारी निभाने वाला फौजी जासूस गिरफ्तार

MS Malik
By
2 Min Read

पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देता था इंडियन आर्मी का जवान, पहुंचा सलाखों के पीछे

नई दिल्ली। हरियाणा पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि उसने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई को गोपनीय सूचना देने के आरोप में सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि रोहित कुमार अंबाला जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र के कोडवा खुर्द गांव का निवासी है और सेना की अभियांत्रिकी रेजीमेंट में हवालदार के पद पर कार्यरत है। रोहित कुमार इस समय मध्यप्रदेश के भोपाल में तैनात है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रोहित कुमार कुछ दिन पहले छुट्टी पर गांव आया था। उन्होंने बताया कि रोहित के बारे में मिली खुफिया सूचना के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि वह पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में है और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के साथ गोपनीय सूचनाएं और तस्वीरें साझा कर रहा है।

उन्होंने बताया कि रोहित कुमार के दो मोबाइल फोन को जब्त किया गया है जिससे वह सूचनाएं साझा करता था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस मोबाइल फोन की विस्तृत जांच करेगी। उन्होंने बताया कि रोहित कुमार वर्ष 2012 में सेना में भर्ती हुआ था और वर्ष 2018 से जासूसी में संलिप्त है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान रोहित कुमार ने स्वीकार किया कि उसने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के साथ कुछ सूचनाएं साझा की हैं।

उन्होंने बताया कि रोहित कुमार के खिलाफ सरकारी गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। कुमार को बृहस्पतिवार शाम को अदालत के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!