जाखन में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गरजा नगर निगम का बुल्डोजर, मुकदमा भी दर्ज

MS Malik
By
5 Min Read

सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाशत नहीं किया जायेगा: नगर आयुक्त

देहरादून देर रात कुछ लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर किये गए अतिक्रमण का संज्ञान लेते हुए नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया है। जाखन दून विहार वार्ड क्षेत्र की बापू नगर बस्ती में सरकारी भूमि पर कुछ भू-माफियाओं द्वारा अवैध निर्माण करने का प्रयास किया जा रहा था। जिसके खिलाफ नगर निगम द्वारा थाना राजपुर में पूर्व में मुकदमा दर्ज कराया गया था। उसके बाद भी स्थानीय लोगों से उक्त स्थान पर अवैध अतिक्रमण की शिकायतें प्राप्त हो रही थी।

नगरायुक्त गौरव कुमार को सूचना मिली कि उक्त स्थान पर अमिक्रमणकारियों द्वारा रात्रि में ही लेन्टर डालने की कार्यवाही की गई है। जिस पर नगर आयुक्त द्वारा उप नगर आयुक्त गोपलराम बिनवाल को तत्काल मौके पर जाकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये जिस पर उप नगर आयुक्त, नगर निगम की टीम एवं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद नगर निगम की टीम ने उक्त स्थान पर भूमाफियाओं द्वारा किये जा रहे अतिक्रमण के प्रयासों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। टीम में उपनगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सहायक नगर आयुक्त, रविन्द्र दयाल, कर अधीक्षक राहुल कैंथोला, ऋषिपाल चौधरी सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी व भारी पुलिस बल शामिल रहे।

इसके अतिरिक्त बापू नगर बस्ती में ही एक अन्य स्थान जहां पर नगर निगम द्वारा पूर्व में नगर निगम की सम्पत्ति का बोर्ड लगाया गया था कुछ भू-माफियाओं द्वारा उस बोर्ड को हटाकर वहां काॅलम खडे कर दिये गये थे तथा अवैध अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा था। मौके पर गई टीम ने उक्त स्थान पर भी बुल्डोजर चलाते हुये पिलरों को ध्वस्त कर अवैध अतिक्रमण हटाया तथा भूमाफिया के विरूद्ध राजपुर थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई।

सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के विरूद्ध नगर निगम द्वारा त्वरित कार्यवाही की जाती रही है और आगे भी सख्त कार्यवाही की जायेगी इसके लिए उप नगर आयुक्त को निर्देशित किया गया है कि सरकारी भूमि पर स्थायी/अस्थायी अतिक्रमण को चिन्हाकित करते हुये उसे हटाने की सख्त कार्यवाही की जाय।

देहरादून। राजधानी देहरादून में सरकारी जमीनों पर कब्जा एवं खरीद फरोख्त का कारोबार लगातार जारी है। ऐसा ही एक मामला नगर निगम के जाखन दून विहार वार्ड में सामने आया हैं। जहां दर्जनों की संख्या में पहुंचे लोग आधी रात करीब दो बजे छत डालने की तैयारी कर रहे थे। शोर शराबा सुन जागे स्थानीय लोगों ने विरोध करते हुए पुलिस को सूचना दी। लोगों का कहना था कि जो व्यक्ति अवैध कब्जा कर रहा है वह राजधानी का चर्चित शराब माफिया है और वह यहां भी अवैध शराब का कारोबार कर पूरे क्षेत्र का माहौल खराब कर देगा। उधर हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने काम रुकवाया। निगम इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए पुलिस फोर्स मांगी गई है।

दून विहार जाखन में नगर निगम की लगभग सात बिसवा जमीन है, जिस पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। पूर्व में भी नगर निगम ने यहां कार्रवाई की थी। भूमि अनुभाग ने जमीन कब्जे में लेकर यहां नगर निगम के स्वामित्व का बोर्ड लगवाया था। जिसे कुछ लोगों ने उखाड़कर फेंक दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ सफेदपोश नेताओ के संरक्षण के कारण अवैध निर्माण करने वालों के हौंसले इस कदर बुलंद हैं कि रात दो बजे काम करवाया जा रहा था। उप नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि नगर निगम ने थाना प्रभारी राजपुर को पत्र लिखकर पुलिस फोर्स उपलब्ध करवाने की मांग की है, ताकि अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जा सके। इसी मामले में चार और लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है। एसओ राजपुर जितेंद्र चौहान ने बताया कि नगर निगम ने अवैध निर्माण की सूचना दी थी। मौके पर अवैध निर्माण रुकवा दिया है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद पुलिस मुकदमा दर्ज करेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!