देहरादून। राजधानी देहरादून में तड़के सुबह दून पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में राजस्थान के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बदमाश को गोली लगने के बाद दबोच लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी भी पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उनके तीन अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, नयागांव चौकी बैरियर पर नियमित नाकेबंदी और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान राजस्थान नंबर की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन कार सवार बदमाशों ने पुलिस के इशारे को नजरअंदाज करते हुए बैरियर पर टक्कर मार दी और तेज गति से सेलाकुई की ओर भाग निकले।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल वाहन का पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते हुए बदमाश चांदनी चौक से भूरपुर की तरफ पहुंचे और रामगढ़ के रपटे के पास अपनी कार छोड़कर नदी की ओर भागने लगे। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बावजूद उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे बदमाश को भी पीछा कर दबोच लिया गया। घायल बदमाश को पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ-साथ अस्पताल जाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने पुलिस टीम की सतर्कता और साहसिक कार्रवाई की सराहना की। तलाशी के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है। बरामद हथियारों और वाहन की जांच की जा रही है ताकि इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों से जुड़े सुराग मिल सकें।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान
1. रिंकू मीणा (घायल)
पुत्र – सियाराम
निवासी – ग्राम अखरोट, तहसील मण्डावर, जिला दौसा, राजस्थान
उम्र – 30 वर्ष
2. विनोद कुमार मीणा
पुत्र – रामलाल मीणा
निवासी – ग्राम एवं पोस्ट झारेड़ा, तहसील हिंडौन सिटी, जिला करौली, राजस्थान
उम्र – 32 वर्षपुलिस के अनुसार, घायल बदमाश रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं विनोद मीणा पर भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार तीन बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सीमावर्ती इलाकों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












