दून में बोरे में बंद मिला युवती का शव, चेहरे और गले पर गहरे जख्म; हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका

Astitva Times Desk
3 Min Read

देहरादून। राजधानी देहरादून में एक बार फिर सनसनीखेज वारदात सामने आई है।प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला- फूलसणी इलाके में एक युवती का शव बोरे में बंद मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कूड़े के ढेर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिले इस शव को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों की नजर कूड़े के ढेर के पास पड़े एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी। जब मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और जांच की गई तो उसके अंदर एक युवती का शव बरामद हुआ। शव को सीमेंट के कट्टों और पॉलिथिन से ढककर छिपाने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतका की उम्र लगभग 25 से 26 वर्ष के बीच है। शुरुआती जांच में उसके चेहरे और गले पर गंभीर चोटों के निशान पाए जाने की जानकारी सामने आई है। परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया हो। मामले की शुरुआती जांच में युवती की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने और चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण और हत्या का तरीका पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को घटनास्थल पर कौन और कब लेकर आया। पुलिस मृतका की पहचान कराने के लिए देहरादून सहित अन्य क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।

राजधानी देहरादून में इस तरह युवती का शव बोरे में बंद मिलना बेहद गंभीर मामला है। क्षेत्र के लोगों में घटना को लेकर भय का माहौल है। पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मृतका की शिनाख्त करना और इस वारदात के पीछे छिपे सच को सामने लाना है। फिलहाल मृतका की पहचान, हत्या की वजह और आरोपियों के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, पुलिस की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!