देर रात लालतप्पड़ क्षेत्र में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, दो बदमाश घायल एक फरार

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। राजधानी देहरादून की डोईवाला थाना क्षेत्र के लालतप्पड़ के पास पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाशों की पहचान ईसी रोड करनपुर निवासी नूर मोहम्मद के पुत्र 25 वर्षीय सोहेल खान तथा चावला चौक नालापानी रोड करनपुर निवासी नौशाद के पुत्र 23 वर्षीय शानू के रूप में हुई है। दोनों बदमाश दून अस्पताल के पास हुई फायरिंग की घटना के मुख्य आरोपी है।

पुलिस को संदिग्ध बदमाशों की आवाजाही की सूचना मिली थी। जिसके बाद लालतप्पड़ में बैरियर लगाकर चेकिंग की गई, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई जिसमें दो बदमाश घायल हो गए, जबकि उनका एक साथी जंगल की ओर फरार होने में सफल रहा। फरार बदमाश की तलाश के लिए पुलिस ने जंगल में घेराबंदी करते हुए व्यापक कांबिंग अभियान चलाया है।

घटनास्थल से पुलिस ने बदमाशों से एक स्कूटी, दो तमंचे तथा अनेक जिंदा और खोखा राउंड बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को पहले नजदीकी सीएससी चिकित्सालय डोईवाला ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे के उपचार के लिए जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मुठभेड़ की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और इसके बाद अस्पताल जाकर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। बदमाशों के खिलाफ कोतवाली नगर, देहरादून में पहले ही हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों से शहर में हुई अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!