मुख्यमंत्री से मिले राज्यमंत्री बुटोला, कुमाऊँ भ्रमण एवं खेल गतिविधियों की रिपोर्ट सौंपी

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष/ राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला ने मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को एक पुस्तक भेंट करते हुए अपने हालिया कुमाऊँ मंडल भ्रमण के दौरान विभिन्न खेल परिसरों, स्टेडियमों एवं खेल गतिविधियों के निरीक्षण से संबंधित विस्तृत जानकारी से अवगत कराया।

बैठक के दौरान कुलदीप बुटोला ने कुमाऊँ क्षेत्र में खेल अधोसंरचना की वर्तमान स्थिति, खिलाड़ियों की आवश्यकताओं, प्रशिक्षण सुविधाओं तथा खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री को विभिन्न जिलों में खेल प्रतिभाओं के विकास, खेल मैदानों के सुदृढ़ीकरण तथा खिलाड़ियों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने संबंधी सुझाव एवं निरीक्षण रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।

बुटोला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में खेलों के विकास को नई दिशा मिली है। प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की खेल नीति और खिलाड़ियों के हित में लिए गए निर्णयों का सकारात्मक प्रभाव प्रदेश के युवाओं में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच, खेलों के प्रति विशेष रुचि और खिलाड़ियों के प्रति समर्पण भाव ने उत्तराखण्ड के खेल जगत को नई ऊर्जा प्रदान की है। आज प्रदेश के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।

कुलदीप बुटोला ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए मार्गदर्शन, स्नेह एवं प्रोत्साहन के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री का निरंतर सहयोग एवं प्रेरणा राज्य के खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों तथा खेल प्रशासन से जुड़े सभी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। इस दौरान प्रदेश में खेल सुविधाओं के और अधिक विस्तार, ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की पहचान तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!