अब्दुल से मारपीट और लूटपाट का मुख्य आरोपी राघव गिरफ्तार

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। सहसपुर थाना क्षेत्र के बालूवाला में युवक अब्दुल सलाम के साथ हुई अपहरण, मारपीट और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात में सहसपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है, जबकि क्षेत्रीय जनता ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से अब्दुल सलाम को जबरन गाड़ी में बैठाकर अपने कब्जे में लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित से लूटपाट कर इलाके में दहशत फैलाने का प्रयास भी किया। घटना सामने आते ही सहसपुर पुलिस तत्काल हरकत में आई और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी राघव शर्मा (22 वर्ष) निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सेलाकुई, देहरादून को थाना परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में शामिल अन्य साथियों और पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी, दबंगई और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!