कांग्रेस संगठन को धार देने दून आ रहे.सी. वेणुगोपाल, 9-10 जुलाई को पार्टीजनों संग करेंगे मंथन

6

 

देहरादून। आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन को नई धार देने की रणनीति के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने उत्तराखंड में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल 9 जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। उनके दौरे को प्रदेश कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इस दौरान संगठन के शीर्ष नेतृत्व से लेकर जिला इकाइयों और सभी अनुषांगिक संगठनों के साथ लगातार बैठकें कर संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति पर व्यापक मंथन किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि के. सी.वेणुगोपाल 9 जुलाई को दोपहर 12 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, केंद्रीय इलेक्शन कमेटी (सीईसी) के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों तथा कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों के साथ पहली बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

सायं 4 बजे जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ बैठक होगी, जिसमें बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन की रणनीति तथा आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके बाद सायं 6 बजे पार्टी के सभी अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन के विभिन्न मोर्चों की कार्यप्रणाली और भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

दौरे के दूसरे दिन 10 जुलाई को प्रातः 10 बजे से वेणुगोपाल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर उनके सुझाव प्राप्त करेंगे। इसके उपरांत अपराह्न 3 बजे वे पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे और दो दिवसीय संगठनात्मक बैठकों के निष्कर्षों तथा पार्टी की आगामी रणनीति से मीडिया को अवगत कराएंगे। इसके बाद वे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रदेश कांग्रेस का मानना है कि के.सी. वेणुगोपाल का यह दौरा उत्तराखंड में संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और आगामी राजनीतिक संघर्ष के लिए स्पष्ट रोडमैप देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा।