दिल्ली विधानसभा चुनाव का ऐलान, पांच फ़रवरी को मतदान, आठ को मतगणना

MS Malik
By
3 Min Read

अस्तित्व टाइम्स

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल बज चुका है. चुनाव आयोग ने मंगलवार को चुनाव की घोषणा कर दी है.

नई दिल्ली।दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को चुनाव आयोग ने शेड्यूल जारी किया. राष्ट्रीय राजधानी में 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और 8 फरवरी को काउंटिंग (मतगणना) होगी। दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है. यानि इससे पहले सरकार का गठन हो जाना चाहिए. चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 10 जनवरी को जारी किया जाएगा. इसी के साथ नामांकन की शुरुआत हो जाती है. नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 17 जनवरी है. नामांकन पत्र जांच की तारीख 18 फरवरी है. वहीं नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 20 जनवरी है।

दिल्ली में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद आप, कांग्रेस और बीजेपी ने इसका स्वागत किया है. पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ”चुनाव की तारीख़ का एलान हो चुका है. सभी कार्यकर्ता पूरी ताक़त और जोश के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार हो जाएं.” उन्होंने कहा, ”आपके जुनून के आगे इनके बड़े-बड़े तंत्र फ़ेल हो जाते हैं. आप ही हमारी सबसे बड़ी ताक़त हैं. ये चुनाव काम की राजनीति और गाली-गलौज की राजनीति के बीच होगा. दिल्ली की जनता का विश्वास हमारी काम की राजनीति के साथ ही होगा. हम ज़रूर जीतेंगे.”

2020 विधानसभा चुनाव का हाल
2020 में 6 जनवरी को विधानसभा चुनाव की घोषणा हुई थी. तब 8 फरवरी को वोट डाले गए थे और नतीजों की घोषणा 11 फरवरी को हुई थी। 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने 70 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी. बीजेपी 8 सीटें जीती. वहीं कांग्रेस के हाथ खाली रहे. 2015 के चुनाव में आप ने 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी. तब बीजेपी को मात्र तीन सीटें मिली थी. कांग्रेस के हाथ तब भी खाली रहे. 2013 में आप ने कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सरकार बनाई थी, ये सरकार ज्यादा दिन नहीं चल सकी. इससे पहले 15 सालों तक कांग्रेस दिल्ली में सत्ता में रही. बीजेपी 25 सालों से अधिक समय से दिल्ली की सत्ता से दूर है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!