देहरादून। प्रदेश के नैनीताल जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जिले के धारी ब्लॉक में पर्यटकों से भरी एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग पर्यटक बताए जा रहे हैं। हादसा उस समय हुआ जब वाहन संकरी और घुमावदार पहाड़ी सड़क से गुजर रहा था। अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ने से बोलेरो सीधे सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीएम नवाजिश खलीक, पुलिस बल और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

घायलों को तत्काल पास के पदमपुरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भीमताल के उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जा रहा है। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।प्रशासन के अनुसार, खाई में गिरे अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास जारी है। राजस्व विभाग की टीम, पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षित ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा उपायों की आवश्यकता को उजागर करता है।

देहरादून। प्रदेश में एक अत्यंत दुखद एवं दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। टिहरी जिले के थाना चंबा क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल हैं। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद थाना चंबा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार दोपहर बाद लगभग चार बजे के आसपास दुर्घटना हुई है। यह सभी लोग एक अंतिम संस्कार के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे और हादसे का शिकार हो गए।
हादसे में दो घायलों को खाई से बाहर निकाला गया है, जिनमें से एक व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं। घायलों की पहचान उत्तम पुत्र पुस्सू उम्र 30 वर्ष ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़ और अंकित पुत्र आशा लाल उम्र 22 वर्ष ग्राम नेलचामी, घनसाली के रूप में हुई है। दोनों घायल डीएच बौराड़ी में उपचाराधीन है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने खुद घटनास्थल पर पहुंच कर जानकारी जुटाई। पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की संयुक्त टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगातार लगी हुई हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए है कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है
मृतकों के नाम
आशा लाल (40) पुत्र असाडू निवासी ठेला घनसाली, विजय लाल (36) पुत्र भुरखिलिया, प्रेम लाल (60) पुत्र संत्तूलाल निवासी ग्राम चकरेड़ा, महावीर (60) पुत्र विशुलाल, शिव सिंह (35) पुत्र पुष्कर सिंह निवासी ग्राम होल्टा, सेहत लाल (65) पुत्र गोपाल निवासी ग्राम चकरेड़ा और लक्ष्मण (33) पुत्र मुरखिलिया निवासी चांजी के रूप में हुई है। एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।घायलों के नाम
1- उत्तम पुत्र पुस्सू, उम्र 30, ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़।
2- अंकित पुत्र आशा लाल, उम्र 22, ग्राम नेलचामी, घनसाली।
दोनों घायलों का DH बौराड़ी में इलाज चल रहा है।










