दुस्साहस: राजधानी में सिरफिरे ने दी महिला को तेजाब से जलाने की धमकी

MS Malik
By
2 Min Read

देहरादून। राजधानी में एक सिरफिरे युवक द्वारा काम पर जा रही महिला को रोककर उससे छेड़खानी का मामला सामने आया है। सोमवार को ड्यूटी पर जा रही एक महिला से छेड़छाड़ करने के साथ ही उसे तेजाब डाल कर जलाने की धमकी दी गई। यही नहीं उसने महिला पर तेजाब बताकर लाल रंग का तरल पदार्थ फेंक दिया। इससे घबराई महिला वहीं सड़क पर गिर गई। महिला ने अपने भाई को मौके पर बुलाया तो आरोपी भाग गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना सोमवार को कांवली रोड पर हुई। महिला के अनुसार आरोपी उसके साथ पहले भी इस तरह की घटना कर चुका है। पुलिस के अनुसार महिला विधवा है। एक मॉल में सिक्योरिटी गार्ड है। वह रोज अपने काम पर आती-जाती है।

सुनील भट्ट नाम का युवक उससे अक्सर छेड़खानी करता है। 19 सितंबर को उसने महिला का रास्ता रोका उस पर पीले रंग का तरल पदार्थ फेंक दिया। इससे महिला की वर्दी खराब हो गई। महिला ने शोर मचाया तो युवक वहां से भाग गया। आरोपी युवक ने सोमवार को फिर कांवली रोड पर महिला का रास्ता रोक लिया और उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। आरोप है कि महिला ने जब इसका विरोध किया तो वह गाली-गलौज करने लगा। उसने अपनी जेब से एक बोतल निकाली और उसमें भरा लाल रंग का तरल पदार्थ महिला पर फेंक दिया।

बोला कि यह तेजाब है। महिला वहीं पर घबराकर जमीन पर गिर गई। युवक बोला कि उसके पास तेजाब भी है। यदि उसके साथ नहीं चलेगी तो वह तेजाब डाल देगा। घबराई महिला ने अपने भाई को फोन किया। तब तक वहां पर लोग भी इकट्ठा हो गए। लोगों को देखकर युवक वहां से भाग गया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि युवक को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!