पुलिस ने उतारा दरोगा जी के बेटे का खुमार; गिरफ्तारी के साथ गाड़ी भी सीज

5

 

देहरादून। प्रदेश में चल रही चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के बीच मसूरी पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया, जो अपने पिता की पुलिस वर्दी और पी-कैप का इस्तेमाल कर लोगों पर रौब झाड़ रहा था। युवक नशे की हालत में कार दौड़ाता मिला और वाहन में उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी व पी-कैप रखकर खुद को पुलिस से जुड़ा दिखाने की कोशिश कर रहा था।

कोतवाली मसूरी पुलिस की ओर से क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लाइब्रेरी चौक पर एक वैगनआर कार संख्या UP 15 DZ 2906 संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। पुलिस की नजर कार के डैशबोर्ड पर रखी उत्तर प्रदेश पुलिस की पी-कैप और पीछे टंगी उपनिरीक्षक की वर्दी पर पड़ी, जिसके बाद वाहन को तत्काल रोक लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम विनय सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश बताया। जांच में युवक नशे की हालत में वाहन चलाता मिला। कार में उसके साथ तीन अन्य साथी भी मौजूद थे।

जब पुलिस ने वाहन में रखी वर्दी और पी-कैप के बारे में सवाल किया तो युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। उसने स्वीकार किया कि टोल टैक्स, पार्किंग शुल्क और अन्य जगहों पर फायदा लेने तथा लोगों पर रौब जमाने के लिए वह अपने साथ पुलिस वर्दी और पी-कैप रखता था। पुलिस ने युवक के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों के उल्लंघन में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी कार को भी सीज कर दिया।

“ऑपरेशन प्रहार” के तहत मसूरी पुलिस ने क्षेत्र में अवैध पार्किंग, ब्लैक फिल्म और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। सड़क किनारे खड़े वाहनों के चालान काटे गए और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की हिदायत दी गई।