मसूरी विंटर कार्निवाल में तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई: एसडीएम

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

मसूरी टाउनहॉल में कुछ लोगों द्वारा जमकर तोड़फोड़ की गई है, जिसके बाद प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है, आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं

देहरादून। पहाड़ों की रानी मसूरी में विंटर कार्निवल के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई जब कुछ लोगों ने वहां हंगामे करने के के साथ ही तोड़फोड़ कर दी। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को लेकर प्रशासन और पालिका सख्त हो गया है. आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. घटना पर एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है. घटना के बाद टाउन हॉल और उसके आसपास सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।

मसूरी विंटरलैंड कार्निवल के तहत टाउन हॉल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम उस समय विवादों में आ गया, जब देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने टाउनहॉल परिसर में तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया. इस घटना को लेकर प्रशासन और नगर पालिका ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. घटना को लेकर एसडीएम मसूरी राहुल आनंद और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

एसडीएम राहुल आनंद ने कहा कि टाउन हॉल एक महत्वपूर्ण सरकारी संपत्ति है और विंटर कार्निवल का आयोजन मसूरी की जनता और पर्यटकों के मनोरंजन के उद्देश्य से किया जा रहा है, न कि अराजकता फैलाने के लिए. आनंद ने कहा कि कार्निवल के दौरान कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात हुए कार्यक्रम के दौरान टाउन हॉल परिसर में अभद्रता के साथ-साथ तोड़फोड़ की गई, जिसका प्रशासन ने संज्ञान ले लिया है।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि टाउन हॉल और उसके आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी फुटेज खंगाली जा रही है. फुटेज के आधार पर उन सभी लोगों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है. प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. एसडीएम मसूरी ने कहा कि नियमों के तहत सभी चिन्हित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. प्रशासन और नगर पालिका ने आम जनता और पर्यटकों से भी अपील की है कि वे विंटर कार्निवल का आनंद शांति और अनुशासन के साथ लें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!