राजधानी पुलिस ने दो शातिर चोर किए गिरफ्तार, लाखों की ज्वैलरी बरामद

MS Malik
By
3 Min Read

अस्तित्व टाइम्स

देहरादून। पटेल नगर क्षेत्र में बंद घर में चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पाम सिटी के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 9 लाख रुपए की ज्वेलरी बरामद हुई है। गिरफ्तार दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। आरोपी मेरठ से देहरादून घूमने आए थे। इसी बीच उन्होंने पटेल नगर क्षेत्र में बंद घर को देखकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। बहरहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना
26 फरवरी को विद्या विहार निवासी नमनदीप ने शिकायत दर्ज कराई कि 25 फरवरी को दोपहर में वह अपने परिवार के साथ हरिद्वार गए थे। 26 फरवरी को जब वह घर लौटे तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे और सोने-चांदी की ज्वेलरी गायब थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीम बनाई और सीसीटीवी फुटेज चेक किया। मुखबिर की सूचना के आधार पर, पुलिस को पता चला कि आरोपी पाम सिटी क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस ने सलीम और पवन नामक दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से चोरी की गई ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया।

दोनों आरोपी नशे के आदी हैं: कोतवाली पटेल नगर प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपने महंगे शौकों को पूरा करने और नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उनके द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। 25 फरवरी को दोनों आरोपी मेरठ से देहरादून घूमने के लिए आए थे। कारगी रोड के पास एक कॉलोनी से गुजरने के दौरान दोनों को एक बंद घर दिखाई दिया। जिसके गेट पर ताला लगा हुआ था। कुछ देर घर की रैकी करने के बाद रात में घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।

पटेल नगर प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि चेकिंग के दौरान पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने चोरी की गई ज्वेलरी को पटेल नगर के सुनसान इलाके में छुपा दिया। कुछ ज्वेलरी और नकदी लेकर वे मेरठ चले गए। आज वे ज्वेलरी लेने वापस देहरादून आए थे, लेकिन चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने अन्य राज्यों में भी चोरी की घटनाएं की हैं और सलीम पहले भी जयपुर, राजस्थान में चोरी के मामलों में दो बार जेल जा चुका है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!