राम सेतु में योगदान करने वाली गिलहरी की भांति कार्य करे भाजपा कार्यकर्ता: दुष्यंत

MS Malik
By
3 Min Read

देहरादून। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की प्रदेश मुख्यालय में आयोजित वर्चुअल बैठक में प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता को समर्पण भाव से राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लेना होगा। अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में हमें किसी राजनैतिक दल से चुनौती नहीं, बल्कि मुकाबला भाजपा बनाम देश विरोधी ताकतों से है। विरोधी ताकतें हमारी आस्था, संस्कृति और धर्म को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि कुंभ को बदनाम कर कोरोना का वाहक बताने की कोशिश की गई, लेकिन यह आश्चर्यजनक था कि हरिद्वार में कोरोना मरीज बहुत कम थे। वहीं विरोधियो की नज़र महाराष्ट्र, पंजाब, झारखंड, दिल्ली और अन्य राज्यों की ओर नहीं गई। क्योंकि हरिद्वार में सनातन संस्कृति का पर्व चल रहा था। राम मंदिर के मार्ग में रोड़े अटकाने वाले और राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाले मंदिर को लेकर भी तरह तरह की अफवाह फैला रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि जिस तरह से राम सेतु के निर्माण में नन्ही गिलहरी ने भी स्वप्रेरणा से योगदान दिया उसी तरह कार्यकर्ता देश के निर्माण में योगदान दे। सत्ता पाने के लिए ही सेवा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए भी कार्य करना है।

इससे पहले भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की वर्चुअल बैठक का उद्घाटन मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, दुष्यंत गौतम, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, राजेन्द्र भंडारी, कुलदीप कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि कोरोना काल की इस महामारी के दौरान सभी विपक्षी दलों ने प्रदेश की जनता को गुमराह करने का काम किया, परंतु भाजपा के कार्यकर्ता लगातार इस महामारी के दौरान भी अपनी जान हथेली पर लेकर लोगों की सेवा में जुटे रहे। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश मुख्यालय व 14 जिला मुख्यालयों पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई और इनके माध्यम से हजारों हजार लोगों की दिन-रात मदद की गई। चाहे किसी को आक्सीजन की आवश्यकता हो चाहे वेंटिलेटर की आवश्यकता पड़ी हो अथवा राशन या अन्य जरुरत में प्रत्येक जगह हमारे कार्यकर्ता जरूरत की सामग्री लेकर पहुंचे। इस महामारी में जहां भाजपा करोना से लड़ रही थी वही विपक्ष भाजपा से लड़ रहा था।

उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा द्वारा पूरे प्रदेश में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन कर 5000 से ज्यादा यूनिट ब्लड एकत्रित किया गया, वही महिला मोर्चा द्वारा लगातार स्वयं के हाथों से तैयार मास्क वितरण का काम घर घर जाकर किया गया। बैठक में कार्यसमिति के सभी सदस्यों को वर्चुअल जोड़ने के लिए सभी जिला मुख्यालयों पर स्क्रीन लगाए गए थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!