बुजुर्ग महिला को काटकर गंभीर रूप से घायल करने वाले कुत्तों का मालिक गिरफ्तार

Astitva Times Desk
5 Min Read

 

बुजुर्ग महिला को काटकर गंभीर रूप से घायल करने वाले कुत्तों का मालिक गिरफ्तार

राजपुर क्षेत्र में खतरनाक नस्ल के कुत्तों द्वारा बुजुर्ग महिला पर हमला किये जाने की घटना में पुलिस द्वारा कुत्तों के मालिक को गिरफ्तार कर की जा रही कार्यवाही

बिना लाइसेंस के खतरनाक नस्ल के कुत्तों को पालने वालों के विरूद्ध नगर निगम के साथ मिलकर की जायेगी सख्त कार्यवाही

ऐसेी किसी भी सूचना पर तत्काल पुुुलिस कंट्रोल रूम नम्बर 112 अथवा नगर निगम कार्यालय से सम्पर्क कर दर्ज करायें अपनी शिकायत

देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र मे रोटवीलर नस्ल के कुत्तों द्वारा एक बुजुर्ग महिला के ऊपर किये गये जानलेवा हमले की घटना में बुजुर्ग महिला के पुत्र उमंग निर्वाल पुत्र विरेन्द्र सिंह निवासी: 74/1 किशनपुर जाखन देहरादून द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर थाना राजपुर पर मु0अ0सं0 124/25 धारा: 291 बीएनएस का मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसमें आज कुत्तों के मालिक नफीस पुत्र शकूर अहमद, निवासी गुरूद्वारा गली विकासनगर हाल पता किशनपुर राजपुर उम्र 40 वर्ष को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

खतरनाक नस्ल के कुत्तो के हमले में लोगों की मृत्यू के सम्बन्ध में लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पशु पालन एंव डेयरी विभाग, भारत सरकार द्वारा खतरनाक नस्ल की निम्न प्रजातियों: पिटबुल टेरियर, टोसा, अमेरिकन स्टेन्फोर्डशायर टेरियर, फिला ब्रेसिलिएरो, डोगो अर्जेन्टिनो, अमेरिकन बुलडॉग, बोरबोएल, कंगल, सेंट्रल एशियन शेफर्ड, कोकाशियन शेफर्ड डाग, साउथ रशियन शेफर्ड डाग, टार्नजैक सार्पलेनिएक, जैपेनीज टोसा, अकिता, मिस्टिफ, रौटव्हिलर, टेरियर्स, रोडेशियन रिजबैक, वुल्फ डॉग, कैनारियो अबेकस डॅाग, मास्को गार्ड डॉग, केन कोर्सो के आयात, ब्रीडिंग तथा खरीद फरोख्त पर रोक लगाते हुए ऐसी नस्ल के किसी भी डॉग को पालने का लाइसेन्स अथवा बेचने का परमिट देने पर प्रतिबन्ध लगाया है।

देहरादून में भी उक्त नस्ल के डॉग्स द्वारा लोगों पर हमला किये जाने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसके दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा आम जन से अनुरोध किया गया है कि यदि आपके आस-पास उक्त नस्ल के कुत्तों से लोगो को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड रहा हो तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस कन्ट्रेाल रूम नम्बर 112 अथवा नगर निगम कार्यालय को दे सकते हैं।

देहरादून। राजपुर क्षेत्र के किशनपुर में एक बुजुर्ग महिला पर रॉटविलर नस्ल के दो खतरनाक कुत्तों ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुई 65 वर्षीय कौशल्या देवी को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़िता के बेटे की शिकायत पर कुत्तों के मालिक जैद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना रविवार तड़के करीब चार बजे की है, जब कौशल्या देवी रोज़ाना की तरह अर्द्धनादेश्वर मंदिर जा रही थीं। मोहल्ले में रहने वाले जैद के घर के पास से गुजरते वक्त उनके दो रॉटविलर कुत्तों ने दीवार फांदकर अचानक हमला कर दिया।

कुत्तों ने कौशल्या देवी को सिर हाथ और पैरों पर बेरहमी से काटा। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और बड़ी मुश्किल से कुत्तों को भगाकर महिला को बचाया। लोगों ने बताया कि शोर मचाने पर भी कुत्तों का मालिक बाहर नहीं आया। कौशल्या देवी को लहूलुहान हालत में श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर बताया। उनके बेटे उमंग निर्वाल ने बताया कि सिर, हाथ और पैरों पर कुल 200 से अधिक टांके लगे हैं, हाथ की दो हड्डियां टूट गई हैं और कान का ऑपरेशन रविवार को ही करना पड़ा। इसके बाद हाथ का ऑपरेशन किया जाएगा।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब जैद के इन रॉटविलर कुत्तों ने किसी पर हमला किया हो। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इससे पहले भी ये कुत्ते कई लोगों को घायल कर चुके हैं। मोहल्ले वालों ने कई बार इसकी शिकायत की, लेकिन जैद ने कोई ध्यान नहीं दिया। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। गौरतलब है कि रॉटविलर जैसी खतरनाक नस्ल को पालना कई राज्यों में प्रतिबंधित है। बावजूद इसके जैद ने दो कुत्ते पाल रखे थे, जिनके संबंध में पूर्व में शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी थीं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख़्त कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!