रेसकोर्स क्षेत्र में हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Astitva Times Desk
6 Min Read

देहरादून। राजधानी देहरादून की नेहरू कॉलोनी पुलिस ने हत्या की घटना में शामिल मुख्य तीन हत्यारोपीयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 11 फरवरी 2026 को संतराम धीमान निवासी शास्त्री नगर, बसंत विहार ने 28 वर्षीय अपने पुत्र दिगंबर धीमान के 09 फरवरी 26 को घर से बिना बताए कहीं चले जाने की थाना बसंत विहार में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान गुमशुदा दिगंबर धीमान के खिलाफ थाना बसंत विहार पर पंजीकृत मुकदमे में उसके दिनांक: 09-02-26 को कोर्ट की तारीख के बाद घर आने की बात कहते हुए कही चले जाने की जानकारी प्राप्त हुई। साथ ही गुमशुदा दिगम्बर धीमान के कुछ अन्य साथियों जिनके साथ बैठकर वह अक्सर नशा करता था, के भी दिगम्बर की गुमशुदगी के बाद से ही अपने घरों से गायब होना सामने आया।

जांच के दौरान गुमशुदा के साथियों का 09 फरवरी रात को एक टैक्सी से जाने की जानकारी पुलिस को मिली। जिस पर पुलिस ने टैक्सी के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए 17 फरवरी को उक्त टैक्सी तलाश कर उसके चालक राजनन्दन पुत्र मनमोहन ठाकुर निवासी: न्यू पटेलनगर देहरादून को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि 09 फरवरी रात को मृतक के साथी उसकी टैक्सी से शव को कम्बल में लपेटकर चिडियापुर के जंगलों में ले जाकर फेंक आए। जिसकी निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा गुमशुदा दिगम्बर धीमान के शव को चिडियापुर के जंगलों से बरामद करते हुए टैक्सी चालक राजनन्दन को गिरफ्तार कर लिया था। मृतक दिगम्बर के धीमान के पिता सन्तराम द्वारा दिये गये प्रार्थना पत्र के आधार पर उक्त गुमशुदगी को तरमीम करते हुए अभियुक्तों हेमन्त सेमवाल, आदिल, संजू तथा अन्य के विरूद्ध थाना बसन्त विहार पर मु0अ0सं0: 30/26 धारा: 103 (1), 238 (1), 61 (2) बीएनएस के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में मृतक दिगम्बर धीमान के साथियों द्वारा रेसकोर्स स्थित कमरे में उसकी हत्या किये जाने की पुष्टि होने पर मुकदमा थाना नेहरू कालोनी स्थानान्तरित किया गया। मुखबिर से प्राप्त सूचना पर पुलिस ने घटना में शामिल तीनों अभियुक्तों हेमन्त सेमवाल, संजू तथा आदिल को दिनांक: 21-02-26 को ISBT के पास हरिद्वार बाईपास रोड से गिरफ्तार किया गया, जिनकी निशानदेही पर उनके द्वारा घटना मे प्रयोग की गई स्टील की रॉड, लोहे के हथोडे व मृतक को जूतों को नेपाली फार्म के पास पुल के नीचे सूखी नदी से बरामद किया गया।

पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि उनका पैसों के लेन-देन को लेकर मृतक दिगम्बर से विवाद चल रहा था। दिगम्बर द्वारा उनसे ढाई लाख रू0 लिये गये थे, जो वह वापस नहीं कर रहा था, 09-02-26 को अभियुक्तों को दिगम्बर के कोर्ट की तारीख में आने की जानकारी मिली, जिस पर अभियुक्त हेमन्त द्वारा मृतक दिगम्बर से सम्पर्क कर उसे रेसकोर्स सी-ब्लाक स्थित अपने घर पर बुलाया गया। जहां तीनो अभियुक्तों द्वारा दिगम्बर के साथ बैठकर नशा किया, इस दौरान अभियुक्तों द्वारा दिगम्बर से अपने पैसे वापस मांगने तथा उसके द्वारा आनाकानी करने पर अभियुक्तों द्वारा उसे टार्चर करने की नीयत से उस पर घर में रखी लोहे की रॉड, हथौडे तथा पेंचकस से वार किये गये, जिससे उसे काफी गम्भीर चोटें आई तथा ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मृत्यू हो गई। घटना के बाद अभियुक्त हेमन्त द्वारा अपने परिचित टैक्सी चालक रामनन्दन को टैक्सी लेकर अपने कमरे में बुलाया तथा उसे घटना के बारे में बताते हुए शव को ठिकाने लगाने में मदद के एवज में 15 हजार रू0 देने की बात कही। जिसके बाद चारों अभियुक्त मृतक के शव को कम्बल में लपेटकर उसे गाडी की डिग्गी में डालकर हरिद्वार की ओर ले गये तथा रास्ते में अभियुक्तों द्वारा घटना में प्रयुक्त लोहे ही रॉड, हथौडा व मृतक के जूतों को नेपाली फार्म से आगे पुल से नीचे नदी में फेक दिया तथा मृतक के शव को चिडियापुर के जंगलों में ले जाकर नहर किनारे रेत मे दबा दिया।

गिरफ्तार आरोपी
(1) हेमंत कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद सेमवाल निवासी नई बस्ती सी ब्लॉक रेसकोर्स, थाना नेहरू कॉलोनी, जनपद देहरादून, उम्र 37 वर्ष।

(2) आदिल पुत्र आबिद हुसैन निवासी नई बस्ती सी ब्लॉक रेसकोर्स, थाना नेहरू कॉलोनी, जनपद देहरादून, उम्र 38 वर्ष।

(3) वैभव भट्ट उर्फ संजू पुत्र पिंटू भट्ट निवासी नई बस्ती सी ब्लॉक रेसकोर्स, थाना नेहरू कॉलोनी, जनपद देहरादून, उम्र 25 वर्ष।

हेमन्त सेमवाल का अपराधिक इतिहास
01: मु0अ0सं0: 59/22 धारा: 147, 148 ,323, 326 452 307 34 भादवि कोतवाली नगर देहरादून।
02: मु0अ0सं0: 623/25 धारा: 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट कोतवाली पटेलनगर देहरादून।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!