धर्म विशेष के खिलाफ बढ़ रही घटनाओं पर कांग्रेस विधायक ने DGP को लिखा पत्र

4

 

उत्तराखंड में मुस्लिम समाज के लोगों के खिलाफ लगातार बढ़ रही घटनाओं पर चिंता जताते हुए मंगलौर विधायक क़ाज़ी निजामुद्दीन ने डीजीपी को पत्र लिख कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है

देहरादून। राज्य में हाल के दिनों में धर्म के आधार पर मारपीट की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेत में नमाज़ अदा कर रहे एक मुस्लिम व्यक्ति के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा हरिद्वार में एक ट्रक चालक की पिटाई की घटनाओं को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रिया तेज हो गई है।
इन्हीं घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए क़ाज़ी निजामुद्दीन, जो कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं हरिद्वार जिले की मंगलौर विधानसभा सीट से विधायक हैं, ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

अपने पत्र में क़ाज़ी निजामुद्दीन ने आग्रह किया कि दोनों मामलों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो तथा पीड़ितों और उनके परिवारों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं राज्य की शांति और सौहार्द की छवि को आघात पहुंचाती हैं।उन्होंने कहा, “उत्तराखंड की पहचान सदैव शांति, आपसी भाईचारे और कानून के राज के लिए रही है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिशों को किसी भी सूरत में सफल नहीं होने दिया जाना चाहिए। प्रशासन को सख्ती और संवेदनशीलता दोनों के साथ काम करना होगा।”

विधायक ने यह भी कहा कि धार्मिक आधार पर किसी भी नागरिक के साथ हिंसा या भेदभाव संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि ऐसे मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाए ताकि समाज में विश्वास बना रहे और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इन घटनाओं के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय स्तर पर शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए संवाद और जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया जा रहा है।