विश्व पर्यावरण दिवस पर किया गया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

12

 

देहरादून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सरोज बाला जैन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से राजा रोड क्षेत्र में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित सदस्यों ने शपथ ली कि वे भविष्य में भी समय-समय पर पौधारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा अपने शहर और देश को हरियाली से समृद्ध बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

ट्रस्ट की अध्यक्ष मंजू जैन ने कहा कि आज थोड़े से स्वार्थ और लालच के कारण लोग हरे -भरे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई कर रहे हैं, जो पर्यावरण के लिए गंभीर चिंता का विषय है।उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाली पीढ़ियों को हरियाली और स्वच्छ वातावरण का संदेश देना कठिन हो जाएगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पहले से मौजूद वृक्षों को बचाने की अपील करते हुए कहा कि “पेड़ बचेंगे तो हम बचेंगे।”

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझे और उसे निभाए। इस अवसर पर सिम्मी जैन, विभा कपूर, अनन्या जैन, राजीव जैन, सरिता, शिल्पी, सनी सहित ट्रस्ट के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज को इस दिशा में प्रेरित करने का संकल्प लिया।