देहरादून। राजधानी देहरादून में कैनाल रोड जाखन क्षेत्र में नगर निगम द्वारा सौंदर्यीकरण के नाम पर बनाए गए लगभग दो मीटर चौड़े फुटपाथ अब स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। क्षेत्र के नागरिकों ने इन फुटपाथों को अव्यावहारिक, औचित्यहीन और यातायात व्यवस्था के लिए बाधक बताते हुए इन्हें तत्काल हटाने की मांग उठाई है।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं “जागरूक बनो आवाज़ उठाओ अभियान” के संयोजक यश वीर आर्य का कहना है कि फुटपाथों के निर्माण से सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम हो गई है, जिससे आवासीय क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों के वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करना मजबूरी बन गया है। ऐसी स्थिति में पुलिस द्वारा वाहनों के चालान किए जाने अथवा उन्हें क्रेन से उठाकर ले जाने का खतरा लगातार बना रहेगा। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त योजना और स्थानीय आवश्यकताओं का आकलन किए किए गए इस निर्माण कार्य ने सुविधा के बजाय नई समस्याएं खड़ी कर दी हैं।
फोटो; यश वीर आर्य
आर्य ने बताया कि कैनाल रोड पर बनाए गए कई फुटपाथों के कारण वर्षा और नालियों का पानी रुकने लगा है, जिससे जलभराव की स्थिति बनने की आशंका बढ़ गई है। चिंताजनक बात यह है कि निर्माण कार्य पूरा हुए अधिक समय नहीं बीता है, फिर भी कई स्थानों पर फुटपाथ टूटने और क्षतिग्रस्त होने लगे हैं। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि यह मार्ग शहर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। साईं मंदिर से लेकर राजपुर रोड तक अक्सर ट्रैफिक दबाव अधिक रहने पर यातायात को इसी मार्ग पर डायवर्ट किया जाता है। ऐसे में सड़क की चौड़ाई कम करने वाले निर्माण भविष्य में जाम और यातायात अव्यवस्था को और बढ़ा सकते हैं।
यश वीर आर्य ने कहा कि जनहित की अनदेखी कर किए गए ऐसे निर्माण कार्यों की समीक्षा की जानी चाहिए।उन्होंने मांग की कि कैनाल रोड पर बने इन अनुपयोगी फुटपाथों को हटाकर उनके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री का उपयोग शहर के अन्य आवश्यक विकास कार्यों में किया जाए, ताकि सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने संबंधित विभागों से आग्रह किया कि स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और जनहित में उचित निर्णय लिया जाए। क्षेत्रवासियों का मानना है कि विकास कार्य तभी सार्थक हैं जब वे जनता की सुविधा बढ़ाएं, न कि नई परेशानियों को जन्म दें।












