रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 10 युवतियां रेस्क्यू, 51 आरोपी गिरफ्तार रिसॉर्ट सील

5

 

देहरादून। रामनगर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट, रेव पार्टी और अश्लील डांस के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी (SOG) और रामनगर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने एक नामी रिसॉर्ट में देर रात छापेमारी कर 10 महिलाओं को रेस्क्यू किया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। मौके से 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर फरार है। पुलिस ने पूरे रिसॉर्ट को सील कर दिया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि रामनगर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में बाहरी राज्यों और विदेशों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार, रेव पार्टी और अश्लील नृत्य का आयोजन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। जांच में सामने आया कि इस पूरे आयोजन का मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार (50 वर्ष), निवासी मेरठ है, जो एक कीटनाशक निर्माण कंपनी का संचालक है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपनी कंपनी के डीलरों और विशेष मेहमानों के मनोरंजन के लिए इस पार्टी का आयोजन कराया था।

पुलिस के अनुसार, करीब 10 दिन पहले उसने रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से संपर्क कर शराब, महिलाओं और तथाकथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था करने को कहा था। इसके बाद 4 से 5 जुलाई तक के लिए रिसॉर्ट करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया। दलाल राहुल गुला उर्फ सन्नी और सुनील कुमार के माध्यम से प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से सौदा तय कर युवतियों को दिल्ली और अन्य स्थानों से बुलाया गया। जांच में पता चला कि रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर ने होटल स्टाफ को निर्देश दिए थे कि पार्टी में आने वाले किसी भी व्यक्ति का नाम विजिटर रजिस्टर में दर्ज न किया जाए। पुलिस का मानना है कि यह साक्ष्य छिपाने की कोशिश थी। कार्रवाई के बाद रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 महिलाओं को रेस्क्यू किया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। मौके से 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के मेरठ, लखनऊ, गोंडा, बाराबंकी, आजमगढ़, पीलीभीत समेत दिल्ली के निवासी बताए गए हैं।

मौके से हुई बरामदगी
शराब की 3 पेटियां और बीयर की 1 पेटी।
महिलाओं पर उड़ाने के लिए रखे गए 10 रुपये के असली नोट।
10 रुपये जैसे दिखने वाले 24 गड्डी नकली नोट।
भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री।
लैपटॉप एवं कई मोबाइल फोन, जिनमें व्हाट्सएप चैट और युवतियों की तस्वीरें मिलीं।
डीजे, म्यूजिक सिस्टम, एम्पलीफायर और साउंड सिस्टम।

सभी आरोपियों एवं फरार जनरल मैनेजर के खिलाफ कोतवाली रामनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3/5/6, पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 14, आबकारी अधिनियम की धारा 60/21 तथा किशोर न्याय (JJ) अधिनियम की धारा 77 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने संयुक्त पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उत्तराखंड में इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार (मेरठ) सहित गिरफ्तार आरोपियों में सर्वेश कुमार सिंह, रामानुज सिंह, वीरेंद्र दुबे, जीतबहादुर, अनिरुद्ध, आष कुमार, आनंद कुमार, राधयेद्र पाण्डेय, पौय कुमार, राजेन्द्र कुमार, दीपक कुमार यादव, वरुण तिवारी, सुनील कुमार पांडेय, जयप्रकाश तिवारी, हरिशंकर तिवारी, विनोद कुमार, सालमान नूरी, ज्ञानदेव द्विवेदी, आलोक राजपूत, राहुल गुला उर्फ सन्नी, विकास कुमार, अरुण, मेहराजुद्दीन, ब्रजेश, सोहन सिंह, मनप्रीत सिंह, पवन सिंह, अरविंद सिंह, गुरुदयाल सिंह, हरजिंदर सिंह, राहुल गुमा, गौरव कुमार, आफताब आलम, राजेश कुमार, कुमार, आलोक कुमार, वैशराजपुर, बाजकुमार मौर्य, हरनारायण, सौरभ प्रजापति, मोहम्मद जमाल, आलोक रंजन, राजेश, अकरम, हिमांशु सिंह, अनुराग तिवारी, गरदिन पाल तथा सुनील कुमार शामिल हैं। मामले में रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। वहीं एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।