पछवादून में गोलीकाण्ड; युवक की मौत महिला गंभीर, सुसाइड नोट मिलने से जांच में नया मोड़

4

देहरादून। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर इलाके में हुई गोलीबारी की सनसनीखेज घटना में अब नया खुलासा हुआ है। घर के अंदर एक युवक मृत और महिला गंभीर रूप से घायल मिलने के मामले में पुलिस को कथित तौर पर दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला है।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले महिला को गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष फोरेंसिक रिपोर्ट और घायल महिला के बयान के बाद ही सामने आएगा।


बुधवार को पछवादून के कल्याणपुर क्षेत्र के एक मकान से गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मकान अंदर से बंद था। पुलिस ने खिड़की की जाली तोड़कर घर में प्रवेश किया।कमरे के अंदर एक पुरुष और एक महिला लहूलुहान हालत में पड़े थे। पुरुष की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि महिला की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने तत्काल महिला को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटनास्थल से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कमलेश पुत्र दौलत सिंह, निवासी हयो, थाना चकराता, देहरादून के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला की पहचान संगीता नेगी पत्नी प्रीतम सिंह, निवासी ग्राम भटाणु, त्यूणी, देहरादून के रूप में हुई है। संगीता नेगी कल्याणपुर स्थित रविंद्र बिष्ट के मकान में अपने दो बच्चों के साथ किराए पर रहती थीं। घटना की सूचना महिला के पति और परिजनों को दे दी गई है।

जांच में नया मोड़, मिला कथित सुसाइड नोट
घटना की जांच के दौरान पुलिस को मृतक कमलेश के बैग से दो पन्नों का कथित सुसाइड नोट मिला है। पुलिस इसकी सत्यता और लिखावट की जांच करा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमलेश और संगीता के बीच पहले से परिचय और कथित प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि संगीता की शादी के बाद भी दोनों संपर्क में थे, लेकिन हाल के समय में महिला ने उससे दूरी बना ली थी। इसी बात को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार आशंका है कि कमलेश ने पहले संगीता को गोली मारी और उसके बाद खुद को गोली मार ली। हालांकि पुलिस ने अभी इसे अंतिम निष्कर्ष नहीं माना है।
घायल संगीता नेगी की हालत गंभीर बनी हुई है और अभी उनका बयान दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कमलेश के पास 315 बोर का अवैध तमंचा कहां से आया। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड, दोनों के संबंधों और घटना से पहले की गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह और घटनाक्रम का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।