MDDA ने तीन अवैध व्यावसायिक निर्माण सील, मचा हड़कंप

9

 

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपना अभियान और तेज करते हुए शनिवार को हरिद्वार बाईपास तथा डोईवाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के बनाए जा रहे तीन व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान संबंधित क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति रही।

एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित निर्माणकर्ताओं द्वारा प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना और नियमानुसार अनुमति प्राप्त किए बिना व्यावसायिक निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसे विकास प्राधिकरण अधिनियम और भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन मानते हुए तत्काल प्रभाव से तीनों निर्माणों को सील करने की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि शहर के सुनियोजित एवं व्यवस्थित विकास को प्रभावित करने वाले अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एमडीडीए ने आम नागरिकों, भू-स्वामियों और भवन निर्माताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्राधिकरण से विधिवत मानचित्र स्वीकृत कराना और आवश्यक अनुमति प्राप्त करना सुनिश्चित करें। बिना अनुमति किए गए निर्माण पर सीलिंग, ध्वस्तीकरण सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। प्राधिकरण ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध निर्माणों के विरुद्ध विशेष अभियान जारी रहेगा। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण किए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।