भाजपा अध्यक्ष के आवास का कांग्रेस ने किया घेराव, ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को लेकर जताया विरोध

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा के बाद कथित तौर पर किए गए ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को लेकर शनिवार को कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के आवास का घेराव किया। प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तराखंड कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह जोगी ने संयुक्त रूप से किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद उसी स्थान पर कथित रूप से ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ किया गया। कांग्रेस ने इस घटना को सामाजिक सौहार्द, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत बताते हुए विरोध दर्ज कराया था।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों की विचारधारा और नीतियों का विरोध किया जा सकता है, लेकिन किसी राजनीतिक सभा के बाद उसके स्थल का ‘शुद्धिकरण’ किए जाने की मानसिकता सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा कथित शुद्धिकरण को उचित ठहराए जाने के कारण कांग्रेस को उनके आवास का घेराव करने के लिए मजबूर होना पड़ा। मदन लाल ने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक समानता के मूल्यों में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक असहमति लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है, लेकिन किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल को ‘अपवित्र’ मानकर उसके कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण करना समाज में वैमनस्य पैदा करने वाला संदेश देता है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से इस मामले में प्रदेश की जनता के सामने अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार राजनीतिक विरोध को राजनीतिक स्तर तक सीमित रखा जाना चाहिए तथा प्रदेश में सामाजिक विभाजन और नफरत की राजनीति को बढ़ावा देने से बचना चाहिए। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह जोगी ने कहा कि कांग्रेस दलितों के अपमान को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने राज्य में दलितों के साथ अत्याचार के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे मामलों का लगातार विरोध करती रहेगी।


घेराव कार्यक्रम में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, अभिनव थापर, जगदीश धीमान, सी.पी. सिंह, महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’, नीरज त्यागी, करण घाघट, आदर्श सूद, गगन सक्सेना, रविंद्र ठाकुर, सुनील प्रधान, पूनम कंडारी, नितीश राजोरिया, सागर सिंह, अमित तलवार, राजकुमार सिंह, सुनील जायसवाल, पिया थापा, हरजीत सिंह, अनिल बंसल, संजय गौतम, अशोक कुमार, ललित भद्री, वीरेंद्र पंवार, पार्षद मुकीम अहमद भूरा, दीपक मधवाल, शाहिद अहमद, जमाल, याकूब सिद्दीकी, अभिषेक पासी, पार्षद रोबिन त्यागी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!