यात्री विमान हादसे का शिकार, 40 से अधिक लोगों की मृत्यु, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

MS Malik
By
3 Min Read

एजेन्सी
नेपाल के पोखरा में रविवार को येती एयर का यात्री विमान क्रैश हो गया है। यह विमान काठमांडू से पोखरा के लिए रवाना हुआ था और लैंडिंग से पहले ही हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में कुल 72 लोग सवार थे जिसमें चार क्रू मेंबर्स हैं। जो विमान क्रैश हुआ है वह 9N ANC ATR72 था। प्‍लेन को कैप्‍टन कमल केसी उड़ा रहे थे। कंपनी के प्रवक्‍ता सुदर्शन बरतुला ने कहा है कि प्‍लेन क्रैश की वजह से लगी आग को बुझाने के सभी प्रयास जारी हैं। इस घटना में अब तक 40 शव निकाले जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि पांच भारतीय भी इस हादसे का शिकार हो गए हैं।

फिर से हुआ एक प्‍लेन क्रैश
नेपाली सेना के प्रवक्‍ता कृष्‍णा भंडारी ने बताया है कि हादसे के बाद प्‍लेन टुकड़ों में बंट गया। साथ ही उन्‍होंने यह भी बताया है कि मलबे से और लाशें मिलने की आशंका है। दुर्घटनास्‍थल पर सैंकड़ों की तादाद में राहत कर्मी मौजूद हैं। फिलहाल अभी तक इस बात की कोई जानकारी नहीं मिल सकी है कि इस हादसे में कितने लोगों की मौत हुई है। हादसे के बाद प्‍लेन एक आग के गोले में तब्‍दील हो गया। ऐसे में कई लोग कयास लगा रहे हैं कि इस दुर्घटना में शायद ही कोई जीवित बचा हो। जो वीडियोज आ रहे हैं, वो भी काफी डरावने हैं। इन्‍हें देखने से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह क्रैश कितना भयानक रहा होगा। इस विमान में पांच भारतीयों के भी सवार होने की खबरें आ रही हैं।

कई खतरनाक विमान हादसे
नेपाल की मीडिया की मानें तो देश में इस तरह के प्‍लेन क्रैश सामान्‍य बात है। न सिर्फ घरेलू बल्कि कई बार विदेशी फ्लाइट्स भी हादसे का शिकार हुई हैं। इन हादसों में सैंकड़ों लोगों की जान गई है। हाल के कई वर्षों में नेपाल कई खतरना‍क विमान हादसों का गवाह बना है। पिछले 30 सालों में नेपाल में 30 ऐसे क्रैश हुए हैं जिनमें कई लोगों की जान गई है। मई 2022 में नेपाल के पोखरा में ही तारा एयरलाइंस का विमान क्रैश हुआ था जिसमें 22 लोगों की मौत हो गई थी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!