UKSSSC पेपर लीक मामले में भाजपा नेता की गिरफ्तारी के बाद 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित

MS Malik
By
4 Min Read

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा लगातार आगे बढ़ाई जा रही है जिसमें स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा अब तक पूर्व में कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका था। 18वें अभियुक्त के तौर पर इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड माने जा रहे भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह रावत को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। हाकम सिंह रावत की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने भी तत्काल कदम उठाते हुए उसे 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। जानकारी देते हुए पार्टी के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर हाकम सिंह रावत को 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

विवेचना के दौरान अहम सबूतों के आधार पर तनुज शर्मा को एसटीएफ टीम द्वारा पूर्व में गिरफ्तार किया गया था। तनुज शर्मा से की गई पूछताछ एवं विवेचना के दौरान मिले अहम साक्ष्यों के आधार पर प्रश्न पत्र लीक कराने में मुख्य भूमिका हाकम सिंह रावत पुत्र केदार सिंह रावत जिला पंचायत सदस्य जखोल की भूमिका प्रकाश में आई थी। विवेचना के दौरान हाकम सिंह रावत की तलाश में एसटीएफ टीम रवाना हुई थी इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई थी कि हाकम सिंह रावत अपनी एक इनोवा से त्यूणी के रास्ते हिमाचल फरार हो रहा है इसकी सूचना तुरंत बॉर्डर पर नाकेबंदी करवाई गई एवं स्थानीय पुलिस के माध्यम से त्यूणी आराकोट मार्ग पर रुकवा दिया गया जिसे एसटीएफ टीम द्वारा अपने साथ पूछताछ के लिए देहरादून एसटीएफ कार्यालय लाया गया। गहन पूछताछ करने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आज गिरफ्तार किया गया है।

हाकम सिंह जिला पंचायत सदस्य द्वारा अपनी पूछताछ में बताया गया कि वह वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य जखोल एवं इससे पूर्व वर्ष 2008 से वर्ष 2013 तक ग्राम प्रधान लीवाड़ी रहा है। वर्ष 2021 का स्नातक स्तरीय प्रश्नपत्र को लीक करवाने में इसकी अहम भूमिका थी।

हाकम सिंह ने पूछताछ मे उत्तर प्रदेश के रहने वाले कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी दी है एवं उत्तर प्रदेश के धामपुर शहर में ही उसने अपने कई कैंडिडेट को ले जाकर यह प्रश्न पत्र याद करवाया था। गिरफ्तार अभियुक्त तनुज शर्मा के घर पर भी करीब 20 से 22 लड़कों को यह प्रश्न पत्र परीक्षा से एक रात पहले भी याद करवाया गया था।

हाकम सिंह रावत चार दिसंबर 2021 को कुछ छात्रों को दो वाहनों में लेकर धामपुर गया था जिसमे गिरफ्तार अभियुक्त तनुज शर्मा भी था। हाकम सिंह रावत से गहन पूछताछ में कुछ अन्य नाम भी प्रकाश में आए हैं जिनकी तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई है। इसी के साथ सभी ऐसे अभियार्थियों को आगाह किया गया है कि जिस जिस अभ्यर्थी ने अनुचित साधनों से एग्जाम क्लियर किया है वो स्वयं से सामने आकर बयान दर्ज कराएं अन्यथा जल्दी ही उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!