उत्तराखंड फतेह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से सिपहसालारों संग प्रदेश के दौरे पर

MS Malik
By
4 Min Read

मोदी योगी समेत भाजपा के स्टार प्रचारक कल से पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में करेंगे पदयात्रा, रोड शो और रैली का आयोजन

पीएम मोदी का 10 व 11 फरवरी को उत्त्तराखण्ड के श्रीनगर, अल्मोड़ा व रुद्रपुर में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे

देहरादून। भाजपा उत्त्तराखण्ड की सत्ता को बरकरार रखने के लिये भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत केन्द्रीय मंत्रियों की पूरी फौज उत्त्तराखण्ड में उतारने जा रही है। उधर, कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ही मोदी फौज का मुकाबला करने उत्त्तराखण्ड आएंगे। भाजपा स्टार प्रचारकों के ताबड़तोड़ राजनीतिक हमले से कांग्रेस कैम्प में हलचल मची हुई है। संसाधनो के साथ स्टार प्रचारकों का टोटा झेल रही कांग्रेस के लिये अगले चार दिन अपने चुनावी मोमेंटम को बनाये रखना भारी चुनौती माना जा रहा है।

पीएम मोदी व भाजपा स्टार प्रचारकों के धुआंधार चुनावी प्रचार से प्रदेश का राजनीतिक माहौल चरम पर पहुंचने की पूरी उम्मीद है। आने वाले तीन दिन भाजपा के स्टार प्रचारक चुनावी रैली व डोर टू डोर मतदाताओं से वोट की अपील करते नजर आएंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी लगभग दो दर्जन विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं करेंगे। आज ही इनके दौरे फाइनल किये गए हैं।

पीएम मोदी 10 व 11 फरवरी को श्रीनगर, अल्मोड़ा व रुद्रपुर में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह, अमित शाह व राजनाथ सिंह पहले भी लगभग दस विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में धुंआधार सभाएं कर चुके हैं। इसके अलावा जनरल वी के सिंह, जेपी नड्डा,नितिन गडकरी, हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर, हरियाणा के सीएम खट्टर , मनोज तिवारी समेत कई नेता चुनाव प्रचार कर जा चुके हैं।

कांग्रेस की मुख्य कमान राहुल व प्रियंका ने ही संभाली हुई है। दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट, रणदीप सुरजेवाला समेत अन्य नेता प्रेस कांफ्रेंस के जरिये अपनी बात मतदाताओं से कह चुके हैं।

प्रदेश स्तरीय नेताओं में सीएम धामी, मदन कौशिक, भाजपा के पूर्व सीएम विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट , सतपाल महाराज समेत अन्य नेता मतदाताओं के दरवाजे खटखटा रहे हैं।

दूसरी ओर, कांग्रेस खेमे से पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल ही मुख्य तौर पर अन्य विधानसभा इलाके में मतदाताओं से काँग्रेस को जिताने की अपील करते दिख रहे हैं।

आने वाले पांच दिन में उत्त्तराखण्ड के चुनाव की फिजां किसी भी दिशा में मुड़ सकती है। महंगाई व सत्ता विरोधी रुझान के बूते सत्ता का ख्वाब देख रही कांग्रेस के लिए मोदी की फौज की आंधी में टिक कर मुकाबला करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा।

देखें भाजपा स्टार प्रचारकों का कार्यक्रम

10 फरवरी – स्मृति ईरानी- डीडीहाट, भीमताल, कालाढूंगी

10 फरवरी- सीएम शिवराज सिंह चौहान- द्वाराहाट, हरिद्वार ग्रामीण, ज्वालापुर

11 फरवरी- अमित शाह- बद्रीनाथ, हल्द्वानी,सहसपुर

12 फरवरी – राजनाथ सिंह- यमकेश्वर, सल्ट, रामनगर

12 फरवरी – योगी आदित्यनाथ- टिहरी, कोटद्वार, रुड़की

11 फरवरी – सीएम, शिवराज सिंह चौहान- नैनीताल, यमुनोत्री, चकराता

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!