करोड़ों के भू-घोटाले का STF ने किया खुलासा, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

11

 

बड़ा लैंड फ्रॉड सिंडिकेट बेनकाब, निवेश के नाम पर लोगों को फंसाता था गिरोह

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की विशेष जांच दल (SIT) ने कुमाऊं में 25 करोड़ रुपये से अधिक के चर्चित भू-धोखाधड़ी सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। निवेश योजनाओं और जमीन में मोटे मुनाफे का लालच देकर लोगों को ठगने वाले इस संगठित नेटवर्क की जांच अब तेजी से आगे बढ़ रही है।

पुलिस के अनुसार गिरोह पिछले कई वर्षों से भोले-भाले लोगों को जमीन खरीद, निवेश और प्रॉपर्टी डीलिंग के नाम पर झांसे में लेकर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था। मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी लंबे समय से शिकायतें और आरोप वायरल हो रहे थे, जिसके बाद कई पीड़ित सामने आए।

पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल के अनुसार वर्ष 2018 से अब तक गिरोह के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इनमें तीन मामलों की जांच एसआईटी कर रही है। जांच में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क संगठित अपराध सिंडिकेट की तरह काम कर रहा था। पूर्व में गठित एसआईटी को भंग करने के बाद नई टीम का गठन अजय गणपति के पर्यवेक्षण में किया गया। नई एसआईटी ने गहन जांच के बाद देर रात गिरोह के मास्टर माइंड धनंजय गिरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

जांच एजेंसियों ने आरोपी की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर फ्रीज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जब्त संपत्तियों को भविष्य में कानूनी प्रक्रिया के तहत पीड़ितों के बीच वितरित किया जाएगा। जांच में संकेत मिले हैं कि धनंजय गिरी के पीछे कुछ रसूखदार प्रॉपर्टी डीलर और “सफेदपोश” लोगों का हाथ हो सकता है, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।