जाखन में प्रस्तावित शराब के ठेके के खिलाफ कैबिनेट मंत्री के द्वार पहुंचे स्थानीय लोग, सौंपा ज्ञापन

9

देहरादून। राजधानी देहरादून के कैनाल रोड जाखन में प्रस्तावित वाइन शॉप को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध जारी है। इसी कड़ी में क्षेत्र के निवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से उनके शासकीय आवास पर मिला और अपनी आपत्तियां दर्ज कराते हुए ज्ञापन सौंपा।

 

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे पूर्व पार्षद कमल थापा ने मंत्री को अवगत कराया कि जिस स्थान पर वाइन शॉप खोले जाने की योजना है, वह घनी आबादी वाला इलाका है। आसपास रिहायशी मकान, बच्चों के खेलने के स्थान और दैनिक जीवन से जुड़े प्रतिष्ठान मौजूद हैं। ऐसे में यहां शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल प्रभावित होने की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ सकती है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है।

उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र पहले से ही ट्रैफिक और अन्य नागरिक समस्याओं से जूझ रहा है, और वाइन शॉप खुलने से भीड़भाड़ तथा अव्यवस्था और बढ़ सकती है। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से मांग की कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को निरस्त किया जाए और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में इस प्रकार के लाइसेंस देने से बचा जाए।

इस पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि मामले में जनहित सर्वोपरि रखा जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रस्तावित स्थल का पुनः परीक्षण करें और स्थानीय लोगों की भावनाओं तथा क्षेत्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक और उचित कार्रवाई करें। इस अवसर पर नरेश पुंज, पूर्व पार्षद कमल थापा, अमित कुमार, अरुण छेत्री, डॉ. एच.एस. धामी सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।