नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती; इच्छुक अभ्यर्थी 12 जून से करें आवेदन

5

 

देहरादून। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (यूकेएमएसएसबी) ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में रिक्त 196 नर्सिंग अधिकारी पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है। भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थी 12 जून 2026 से 2 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

जारी अधिसूचना के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-7 वेतनमान के तहत 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। लंबे समय से रिक्त पड़े इन पदों पर भर्ती शुरू होने से इस फील्ड में नौकरी की प्रतिक्षा कर रहे नर्सिंग क्षेत्र के अभ्यर्थियों के चेहरों पर मुस्कान आ गई है। भर्ती के लिए निर्धारित 196 पदों में सामान्य वर्ग के 153, अनुसूचित जाति के 21, अनुसूचित जनजाति के 4, अन्य पिछड़ा वर्ग के 11 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 7 पद शामिल हैं।


उत्तराखण्ड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के अनुसार डिप्लोमा और डिग्री धारक पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे। पदों का वर्गीकरण करते हुए महिला अभ्यर्थियों के लिए डिप्लोमा धारकों के 126 और डिग्री धारकों के 31 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए डिप्लोमा धारकों के 31 तथा डिग्री धारकों के 8 पद आरक्षित हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 1 जुलाई 2025 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।

भर्ती के लिए सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये, जबकि ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को 150 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा।
बोर्ड ने आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर भी दिया है। अभ्यर्थी 4 जुलाई से 7 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक अपने आवेदन में आवश्यक सुधार कर सकेंगे।
स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग अधिकारियों की कमी को देखते हुए इस भर्ती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच अवश्य कर लें।