पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 13 IPS और 5 PPS अधिकारियों के तबादले
देहरादून। सरकार ने पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) तथा 5 प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) अधिकारियों के तबादले और दायित्वों में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इस बड़े बदलाव को पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह तथा आधुनिक बनाने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फेरबदल में कानून-व्यवस्था, यातायात, एसडीआरएफ, सीआईडी, पुलिस मुख्यालय, कुंभ मेला, पीएसी तथा पुलिस आधुनिकीकरण जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सबसे चर्चित बदलावों में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती को आईजी कुमाऊं रेंज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह आईजी एसडीआरएफ तथा गृह विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं। वहीं कुमाऊं रेंज की जिम्मेदारी संभाल रहीं ऋद्धिम अग्रवाल को अब आईजी कानून एवं व्यवस्था बनाया गया है।
राज्य की कानून-व्यवस्था से जुड़े शीर्ष स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। आईजी विम्मी सचदेवा से कानून-व्यवस्था का प्रभार वापस लेते हुए उन्हें पुलिस दूरसंचार एवं फायर सर्विस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आईजी कृष्ण कुमार वीके को आईजी यातायात एवं जीआरपी का महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है। राजधानी देहरादून की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आईपीएस जितेंद्र चौधरी को एसपी ट्रैफिक देहरादून नियुक्त किया गया है। राजधानी में बढ़ते यातायात दबाव के बीच उनकी नियुक्ति को अहम माना जा रहा है।
आईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे से पीएसी और सचिव पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की अतिरिक्त जिम्मेदारियां वापस ली गई हैं। वहीं आईजी अनंत शंकर ताकवाले को आईजी प्रशिक्षण के साथ-साथ आईजी सीआईडी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
आईजी सुनील कुमार मीणा से कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी हटाकर उन्हें आईजी कार्मिक, पीएसी एवं सचिव पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड बनाया गया है।
आईजी योगेंद्र सिंह रावत को आईजी कुंभ मेला हरिद्वार के साथ-साथ आईजी एसडीआरएफ की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है, जबकि हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे आईजी बरिंदरजीत सिंह को आईजी पुलिस मुख्यालय एवं पुलिस आधुनिकीकरण का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।मध्य एवं कनिष्ठ स्तर पर भी व्यापक फेरबदल
पुलिस मुख्यालय में तैनात एएसपी लोकजीत सिंह को एएसपी कानून एवं व्यवस्था का दायित्व दिया गया है।
एसएसपी कुंभ मेला आयुष अग्रवाल को कमांडेंट 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसपी हरीश वर्मा से 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार का प्रभार हटाकर उन्हें कमांडेंट आईआरबी प्रथम बनाया गया है।
एसपी अमित श्रीवास्तव (प्रथम) को डिप्टी कमांडेंट आईआरबी प्रथम से स्थानांतरित कर एसपी सीआईडी सेक्टर देहरादून नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा—
एएसपी बीर सिंह को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर से स्थानांतरित कर डिप्टी कमांडेंट आईआरबी प्रथम रामनगर बनाया गया।
एएसपी विमल आचार्य को डिप्टी कमांडेंट पीएसी रुद्रपुर नियुक्त किया गया।
एएसपी शांतनु पाराशर को एसडीआरएफ से हटाकर एएसपी साइबर क्राइम की जिम्मेदारी दी गई।
एएसपी अंकुश मिश्रा को एएसपी इंटेलीजेंस, पुलिस मुख्यालय में तैनात किया गया है।विशेषज्ञों का मानना है कि यह फेरबदल आगामी चुनौतियों, बढ़ती साइबर अपराध गतिविधियों, कुंभ मेला तैयारियों, आपदा प्रबंधन और पुलिस आधुनिकीकरण को ध्यान में रखकर किया गया है। सरकार ने अनुभवी अधिकारियों को रणनीतिक पदों पर तैनात कर कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, खुफिया तंत्र और आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास किया है।
यह लंबे समय बाद पुलिस विभाग में हुआ सबसे बड़ा प्रशासनिक पुनर्गठन माना जा रहा है, जिसके प्रभाव आने वाले महीनों में प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था में स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकते हैं।











