प्रकृति प्रेमियों ने लिया हर माह पौधारोपण का संकल्प, बंजर भूमि को बनाएंगे हराभरा
देहरादून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चकराता रोड स्थित झाझरा क्षेत्र के त्रिलोकपुरम में प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। प्रकृति प्रेमी योगेश जोशी और महिपाल रावत ने ग्राम समाज की बंजर भूमि पर छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
दोनों पर्यावरण प्रेमियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इसी उद्देश्य से उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस पर छायादार वृक्ष लगाकर यह संकल्प लिया कि वे हर महीने कम से कम दो से तीन छायादार पौधे लगाकर ग्राम समाज की बंजर भूमि को धीरे-धीरे हराभरा बनाने का प्रयास करेंगे।
योगेश जोशी और महिपाल रावत ने बताया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और उनके विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। इस अवसर पर उन्होंने एक और महत्वपूर्ण संकल्प लेते हुए कहा कि भविष्य में अपने मित्रों, रिश्तेदारों और परिचितों के पारिवारिक कार्यक्रमों, जन्मदिन, विवाह समारोह तथा अन्य शुभ अवसरों पर पारंपरिक उपहारों के स्थान पर पौधे भेंट करेंगे। साथ ही उन्हें इन पौधों के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी प्रेरित करेंगे, ताकि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ सके।
प्रकृति प्रेमियों की इस पहल को स्थानीय लोगों ने भी सराहा और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कुछ पौधे भी लगाकर उनकी देखभाल करे तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संतुलन को मजबूत किया जा सकता है। विश्व पर्यावरण दिवस पर लिया गया यह संकल्प न केवल बंजर भूमि को हरियाली में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश भी देता है।











