राजकीय शोक का अपमान! DIT यूनिवर्सिटी प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री रहे मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर प्रदेशभर में घोषित राजकीय शोक के दौरान आदेशों की अवहेलना करना DIT यूनिवर्सिटी प्रबंधन को भारी पड़ गया। दून पुलिस ने सरकारी निर्देशों की अनदेखी करते हुए सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित करने के आरोप में यूनिवर्सिटी प्रबंधक के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड शासन द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया था। इसी क्रम में निदेशक माध्यमिक शिक्षा, उत्तराखंड ने 19 मई 2026 को आदेश जारी करते हुए राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों में किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक, मनोरंजन अथवा उत्सव संबंधी कार्यक्रमों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। शासन के निर्देशों से सभी शैक्षणिक संस्थानों को विधिवत अवगत भी कराया गया था। इसके बावजूद राजपुर क्षेत्र स्थित DIT यूनिवर्सिटी परिसर में 19 मई की शाम सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने इसे सरकारी आदेशों की खुली अवहेलना मानते हुए कार्रवाई की।

थाना राजपुर पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला जानबूझकर सरकारी आदेशों की अवहेलना से जुड़ा है तथा प्रकरण में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षण संस्थानों में शासनादेशों के पालन को लेकर सख्त संदेश गया है। प्रशासनिक हलकों में भी इस घटना को गंभीरता से देखा जा रहा है, क्योंकि राजकीय शोक के दौरान इस प्रकार के आयोजन को संवेदनहीनता और प्रशासनिक निर्देशों की अवमानना माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!