सरकार  के खिलाफ दलित मुस्लिम कांग्रेस का दिल्ली जंतर मंतर में 27 जुलाई को प्रदर्शन 

2

 

 

27 जुलाई को दिल्ली में सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विशाल धरना प्रदर्शन, उत्तराखंड से हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल

देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग एवं अल्पसंख्यक विभाग द्वारा 27 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विशाल धरना-प्रदर्शन को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष सुलेमान अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस अब सड़क से संसद तक संघर्ष को और तेज करेगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन दिल्ली पहुंचकर इस महाधरने में भाग लेंगे।

सुलेमान अंसारी ने कहा कि देश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, दलितों और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार, बेरोजगार युवाओं की अनदेखी, नीट सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताएं तथा सामाजिक न्याय से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि इन्हीं जनसरोकारों को लेकर कांग्रेस 27 जुलाई को दिल्ली में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान, सामाजिक न्याय और समान अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। पार्टी का यह आंदोलन केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि समाज के कमजोर, वंचित और उपेक्षित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई है।

प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार उत्तराखंड में अनुसूचित जाति की आबादी लगभग 18 प्रतिशत तथा अल्पसंख्यक समुदाय की आबादी लगभग 16.90 प्रतिशत है। दोनों वर्ग मिलकर राज्य की लगभग 35 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं और अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक समुदाय के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के प्रति उदासीन है। उनका कहना था कि दलितों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 27 जुलाई का दिल्ली धरना केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जनआक्रोश का प्रतीक होगा और उत्तराखंड से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी इस आंदोलन को और मजबूत बनाएगी।प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव धर्मपाल घाघट, महानगर महासचिव सईद अहमद तथा जाकिर अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।