उत्तर प्रदेश में दस से खुलेंगे कक्षा छह से आठ तक के स्कूल, प्राइमरी कक्षाएं एक मार्च से

MS Malik
By
3 Min Read

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के कारण बीते वर्ष लॉकडाउन के कारण बंद स्कूलों में अब छोटे बच्चे भी पढ़ाई करने जाएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग ने कक्षा छह से आठ तक के स्कूलों को 10 फरवरी और प्राइमरी स्कूलों को एक मार्च से खोलने के बारे में शासनादेश भी जारी कर दिया है।

कोरोना वायरस संक्रमण के कारण प्रदेश में पिछले वर्ष से बंद चल रहे कक्षा छह से आठ तक के सभी स्कूल 10 फरवरी से खुलेंगे। कक्षा एक से पांच तक के प्राइमरी स्कूल एक मार्च से खुलेंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने भी नौ फरवरी से कक्षा नौ से 12 तक के क्लास में नियमित शिक्षण कार्य कराने का आदेश दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को इस बारे में शासनादेश जारी कर दिया है। प्रदेश में उच्च प्राथमिक स्कूल करीब 11 महीने और प्राथमिक विद्यालय करीब 12 महीने बाद खुलेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 23 मार्च 2020 से घरों में रहकर पढ़ाई कर रहे कक्षा छह से आठ तक के बच्चों को दस फरवरी से स्कूल जाकर पढऩे के प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी है। इसी क्रम में प्राइमरी से कक्षा पांच तक के बच्चे एक मार्च से स्कूल जाकर पढ़ाई कर सकेंगे। इस दौरान स्कूल प्रबंधन के साथ बच्चों को भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। प्रदेश में कोरोना वायरस के कम होते प्रभाव तथा वैक्सीन आने के बाद से अभी तक कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थी स्कूल में जाकर पढ़ाई कर रहे हैं। हाईस्कूल तथा इंटर की पढ़ाई की तैयारी के कारण बच्चे एक दिसंबर के बाद से स्कूलों में जाकर अपना कोर्स पूरा करने के साथ ही प्री-बोर्ड की परीक्षा भी दे रहे हैं। इनके बाद अब कक्षा छह से आठ तक की पढ़ाई करने वाले बच्चों को स्कूल भेजने की योजना एक फरवरी से तैयार की जा रही थी। तीन फरवरी को सीएम योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में भी टीम-11 को दस दिनों में कक्षा छह से आठ तक के बच्चों को स्कूल में पढ़ाई के लिए बुलाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया था।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!