कोरोना ने दी एक बार फिर दस्तक, कईं राज्यों में रिकवरी रेट से ज्यादा मरीजों का आंकड़ा

0
214

नई दिल्ली। देश में एक बार फिर से कोरोना का संकट गहराने लगा है। देश में पिछले कुछ दिनों के अंदर 13 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे रहे हैं जहां रिकवरी से ज्यादा नए कोरोना मरीजों की पहचान हुई है। इनमें भी 4 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर ने दस्तक दे दी है। जिनमें महाराष्ट्र, पंजाब, जम्मू कश्मीर और चंडीगढ़ शामिल हैं। महाराष्ट्र में पिछले 10 दिन, पंजाब में 12, चंडीगढ़ में 10 और जम्मू कश्मीर में 7 दिन से लगातार सक्रिय मामले बढ़ रहे हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक 1.10 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं, इनमें 1.07 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 56 हजार 498 मरीजों ने अब तक जान गंवा दी।
वैक्सीनेशन के बाद अब तक 19 लोगों ने जान गंवाई
देश में वैक्सीनेशन ड्राइव भी तेज हो गई है। अब तक 1 करोड़ 14 लाख से ज्यादा हेल्थ केयर और फ्रंट लाइन वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें 75 लाख 40 हजार 602 हेल्थ केयर वर्कर्स और 38 लाख 83 हजार 492 फ्रंट लाइन वर्कर्स शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि वैक्सीनेशन के बाद अब तक 46 लोगों को गंभीर साइड इफेक्ट्स की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इनमें 26 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और एक का इलाज चल रहा है। 19 लोग ऐसे भी रहे जिनकी मौत हो गई। हालांकि, इनकी मौत का कारण अलग-अलग रहा है।

महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते हुए हालात को देखते हुए BMC कमिश्नर इकबाल चहल ने कहा कि हमारे लिए अगले 10 दिन अहम हैं। हमें सख्ती करनी होगी। शादी पार्टियों में नियमों का उल्लंघन होने पर दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजनों पर FIR दर्ज होगी। अब शादी की पार्टी में 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि कोरोना के वैरिएंट्स तेजी से केस बढ़ने की वजह हो सकते हैं।

वहीं नागपुर में 7 मार्च तक सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग इंस्टीट्यूट्स बंद रहेंगे। मेन मार्केट भी वीकेंड पर बंद रहेगा। होटल्स, रेस्टोरेंट्स को 50% की क्षमता के साथ चलाने का आदेश दिया गया है। वहीं शादीघर 25 फरवरी के बाद से 7 मार्च तक बंद रखे जाएंगे।

कर्नाटक राज्य में मैरिज हॉल में भीड़ पर नजर रखने के लिए मार्शल तैनात होंगे। मैरिज हॉल में कोविड गाइडलाइन का पालन कराने के लिए यह निर्णय लिया गया है। राज्य में फेस्क मास्क अनिवार्य रहेगा और 500 से ज्यादा लोगों के जमावड़े पर प्रतिबंध रहेगा।

पंजाब सरकार ने कोरोना वैक्सीन न लगवाने वाले हेल्थ केयर वर्कर्स को चेतावनी दी है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह संधु ने कहा, ‘कई हेल्थ केयर वर्कर्स बार-बार मौका मिलने के बावजूद वैक्सीन नहीं लगवा रहे हैं। अगर उन्हें बाद में कोरोना होता है तो इसके लिए वह खुद जिम्मेदार होंगे।
महाराष्ट्र के साथ-साथ देश के कई राज्यों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जिसके कारण गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को वैक्सीनेशन और कोविड मैनेजमेंट से जुड़े आधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की जिसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन भी मौजूद रहे। इस दौरान शाह ने कोरोना के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए तत्काल उचित कार्य करने की हिदायत दी।

देश में कोरोना के 91 जिलों में मरीज मिलने की रफ्तार बढ़ी है। इनमें 34 जिले महाराष्ट्र के ही हैं। इसके अलावा कर्नाटक के 16, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, गुजरात और बिहार के 4-4, जबकि केरल के दो जिले शामिल हैं। यहां बीते कुछ दिनों से रोजाना संक्रमितों की संख्या ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा है।
देश में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, केरल, राजस्थान और दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा देखा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here