खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने युवक को कुचला, मौके पर ही मौत

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

राजधानी में केलाघाट, मालदेवता, प्रेमनगर, सहस्त्रधारा, सोडा सरोली, बिष्ट गांव और चंद्रोटी क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहा अवैध खनन

राजपुर क्षेत्र के केलाघाट से अवैध खनन सामग्री लाता वाहन

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डूबा दिया। मीठी बेरी परवल मार्ग पर खनन से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक शुभम गैरोला की मौके पर ही मौत हो गई। शुभम उम्मेदपुर प्रेमनगर का रहने वाला था और दो दिन बाद नौकरी के सिलसिले में विदेश जाने वाला था। बताया जा रहा है कि शुभम अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था।

मालदेवता क्षेत्र में धड़ल्ले से होता अवैध खनन

जानकारी के अनुसार, शुभम बाइक से प्रेमनगर बाजार की ओर निकला था। रास्ते में महेंद्र चौक के पास मीठी बेरी–परवल मार्ग पर खनन में लगी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गया। हादसे में शुभम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर भारी हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। सूचना पाकर थाना बसंत विहार और प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के देरी से पहुंचने पर लोगों का गुस्सा और भड़क गया। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी प्रमोद कुमार समेत कई थानों की पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की।

वहीं, मौके पर पहुंचे सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सहदेव पुंडीर “गो बैक” के नारे लगाए और सड़क पर शुभम के शव को रखकर जाम लगा दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मीठी बेरी–परवल मार्ग पर खनन वाहनों की तेज रफ्तार और अवैध आवाजाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। कुछ महीने पहले भी इसी स्थान पर एक नाबालिग लड़की ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर जान गंवा चुकी थी। लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन और खनन वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।थाना बसंत विहार प्रभारी अशोक राठौड़ ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!