शादी का झांसा देकर युवती का शोषण: पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

2

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के थाना राजपुर क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाने, विरोध करने पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने थाना राजपुर में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि साकेत केडिया नामक युवक ने शादी का वादा कर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी की बात की तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मु0अ0सं0- 70/2026 के तहत धारा 60/ 351(2)/352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल यूपी रवाना हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साकेत केडिया (30 वर्ष) पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष राजपुर का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।