हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों, शराब तस्करों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों, वांछित अभियुक्तों, गुंडा तत्वों, इनामी अपराधियों तथा हुड़दंगियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में शिवभक्त कांवड़ियों पर फायरिंग और मारपीट के चर्चित मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ युवकों और शिवभक्त कांवड़ियों के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक कांवड़िया घायल हो गया था। इसके अलावा मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी सामने आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कनखल में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। जांच और धरपकड़ अभियान के दौरान पुलिस ने अब तक इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस ने एक और आरोपी जतिन पुत्र पवन कुमार निवासी जमालपुर कला, थाना कनखल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का विधिक कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला पिल्ला गैंग से जुड़े अपराधियों से संबंधित है। गैंग के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में अब तक कुल 22 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और धार्मिक यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। अधिकारियों ने आम जनता से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।










