देहरादून। हरिद्वार में एक मकान के पानी की टंकी में बड़ी संख्या में सांप के बच्चे दिखाई दिए। टैंक के भीतर दर्जनों सांपों को रेंगता देख परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार हरिद्वार के सराय गांव में घर के सदस्यों ने जब पानी देखने के लिए टंकी में देखा तो अंदर सांप के कई बच्चे दिखाई दिए। अचानक इतनी बड़ी संख्या में सांपों को देखकर परिवार घबरा गया और तत्काल पड़ोसियों व ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने भी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। वन विभाग के साथ पहुंचे अनुभवी स्नेक कैचर तालिब और भोला ने बेहद सावधानी के साथ टैंक की जांच की। काफी मशक्कत और सतर्कता के बाद एक-एक कर सांपों के बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
वन विभाग के रेंज अधिकारी ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान कुल 27 सांप के बच्चे बरामद किए गए। सभी सांपों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ा गया और बाद में उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि समय रहते सूचना मिलने से किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। सांपों को पकड़ने और सुरक्षित बाहर निकालने की पूरी प्रक्रिया लोगों के लिए कौतूहल और चर्चा का विषय बनी रही। कई लोगों ने इस दुर्लभ घटना को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि घरों, खेतों या जल स्रोतों के आसपास सांप दिखाई दें तो घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें। स्वयं सांपों को पकड़ने या मारने का प्रयास करना खतरनाक हो सकता है। सराय ग्राम में पानी के टैंक से एक साथ 27 सांप के बच्चों का निकलना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार ऐसी घटना देखी है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। वन विभाग की तत्परता और सफल रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं।










